
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में जल्दी ही असहाय वृध्दों के लिए वृद्धाश्रम खोला जा रहा है। यह अल्मोड़ा में पहला वृद्धाश्रम होगा। श्री बद्रीनाथ केदारनाथ सोसियल एंड एजूकेशनल सोसायटी के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। वृद्धाश्रम के लिए अयारपानी में भवन भी उपलब्ध हो गया है। शुरू में यहां 24 निराश्रित वृद्धों को रखकर उनकी सेवा की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि वृद्धाश्रम में परिवारजनों की ओर से परित्याग किए गए लाचार वृद्धों को रखा जाएगा और उनकी देखरेख के साथ ही उनके भोजन, चिकित्सा आदि की व्यवस्था भी की जाएगी। सोसायटी के अध्यक्ष विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि यह अल्मोड़ा जिले का पहला वृद्धाश्रम होगा। बैठक का संचालन करते हुए बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि शुरू में प्रयोग के तौर पर 24 वृद्धों को रखा जाएगा और दो साल बाद में इसमें 100 वृद्धों को रखकर उनकी सेवा की जाएगी।
यह भी निर्णय हुआ कि वृद्धाश्रम को संरक्षण देने के साथ ही कुछ रुचिकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि उनमें जीवन के प्रति उत्साह और जज्बा पैदा हो। इस अवसर पर वक्ताओं ने वृद्धाश्रम के लिए भवन उपलब्ध कराने पर मोहन सिंह भोज का आभार जताया गया। उन्होंने वृद्धाश्रम के लिए अन्य लोगों से भी सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में हेम तिवारी, गणेश पांडे, गजेंद्र, दीपक पांडे, प्रकाश भट्ट, डा. मनोज तिवारी, शिवानी, माया, नीमा, शीतल और कुसुमलता जोशी आदि मौजूद थे।
