
पधर (मंडी)। द्रंग दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र ने घोषणाओं की झड़ी लगा दी। मुख्यमंत्री ने जहां चौहारघाटी के टिक्कन में उप तहसील की घोषणा कर क्षेत्र को सबसे बड़ा तोहफा दिया। चौहारघाटी के 88 गांवों को सेंक्चुरी एरिया से बाहर करने की घोषणा कर यहां के लिए विकास के नए द्वार खोले हैं। आजादी के बाद पहली बार अब ये गांव सड़क सुविधा से जुड़ पाएंगे।
वहीं, पर करोड़ों की लागत से बनने वाली पेयजल योजनाएं भी अब गति पकड़ेंगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हाई स्कूल नस्लोह, हटौण, टिहरी, बागी और झटिंगरी को जमा दो करने की घोषणा की। जबकि, मिडिल स्कूल खीणी, सियुन, टेपर, बनौण को हाई स्कूल का दर्जा प्रदान किया। इसके अलावा कासणा, कुलझाण, भरेलन, नस्लोह पंचायत की हरिजन बस्ती रोपड़ृ मे चार प्राथमिक पाठशालाएं मंजूर करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कमांद के नालन और कटिंडी के रूंझ गांव में दो पशु औषधालय खोलने की भी घोषणा की। द्रंग की सड़कों की देखरेख के लिए लोक निर्माण विभाग मंडल पधर को दो जेसीबी मशीनें मंजूर की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाईकोर्ट का प्रस्ताव आते ही पधर में सब जज कोर्ट खोला जाएगा। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव कृष्ण पाल शर्मा, जिला कांग्रेस के अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर और द्रंग कांग्रेस के अध्यक्ष जोगिंदर गुलेरिया, भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष शिव लाल शर्मा, वामन देव ठाकुर, केहर सिंह ठाकुर, ओम प्रकाश ठाकुर, चंपा ठाकुर, चंद्रशेखर ठाकुर, ललित शर्मा, केशव नायक, धर्मेंद्र धामी भी मौजूद रहे।
