
मंडी। सुंदरनगर तहसील के भरडवाणू (कनैड) गांव में एक महिला का मकान जबरन तोड़ने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने कार्यवाही न करने पर जिला पुलिस अधीक्षक से जांच की गुहार लगाई थी। भरडवाणू की नागरू देवी पत्नी स्वारू राम ने अपनी नानी की जमीन पर करीब 6 माह पहले टीन की छत वाला दो कमरों का मकान बनाया था। वह 5 महीनों से इस निर्माणाधीन मकान में रह रही थी। मकान के साथ ही महिला ने टीन का ही एक खोखा नुमा स्टोर भी बनाया था। महिला के मुताबिक चांगर निवासी अपने साथ जेसीबी लेकर आया और महिला को कहने लगा कि यह जमीन उसकी है और ऐसा कहकर वह मकान को जेसीबी से गिराने लगा।
महिला ने विरोध किया तो आरोपी और उसके साथ डुगराईं से आए एक अन्य व्यक्ति ने उसकी डंडों से पिटाई कर उसे मकान में बंद करके बाहर से शटर लगा दिया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के कमरे की एक दीवार और साथ लगते टीन से बने खोखानुमा स्टोर को जेसीबी से उखाड़ दिया। महिला के मकान के साथ लगते नारायण दास के टीन से बने खोखे को भी उखाड़ दिया। महिला के शोर मचाने पर करीब एक घंटे बाद स्थानीय निवासी रोशन लाल ने मकान का शटर खोलकर उसे बाहर निकाला। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नागरू देवी के अनुसार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उसके मकान में अनाधिकृत प्रवेश करने का मामला दर्ज नहीं किया है। इसके चलते उसने जिला पुलिस अधीक्षक को अर्जी देकर इस मामले की ठीक ढंग से जांच करने की गुहार लगाई है।
एएसआई को सौंपी जांच : जगदीश
सुंदरनगर थाना के प्रभारी जगदीश चंद ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। तहकीकात में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। इस मामले में अन्वेषण का कार्य एएसआई उप निरीक्षक प्रकाश चंद को सौंपा है।
