पूर्व सैनिकों के लिए खुले पॉलीक्लीनिक

बागेश्वर। जिले में पूर्व सैनिकों के लिए अंशदायी स्वास्थ्य योजना (एक्स सर्विसमैन कंट्रीब्यूट्री हेल्थ स्कीम) में अभी तक पॉलीक्लीनिक नहीं खुला सका है। पूर्व सैनिकों को इसके लिए अल्मोड़ा जाना पड़ता है। बागेश्वर जिले के 15 हजार पूर्व सैनिक और उनके परिजन इस सुविधा से वंचित हैं।
पूर्व सैनिकों का कहना है कि पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के लिए बागेश्वर के पूर्व सैनिकों से अंशदान की राशि ले ली गई है। इस वक्त तक पूरे क्षेत्र का पॉलीक्लीनिक अल्मोड़ा में है। बागेश्वर वासियों को इसका लाभ नहीं मिल पाता है। बागेश्वर जिले में लगभग 15 हजार पूर्व सैनिक हैं। यहां के सुदूरवर्ती गांवों की दूरी अल्मोड़ा से काफी अधिक है। इसी कारण बागेश्वर में पॉलीक्लीनिक खुलना चाहिए। पूर्व सैनिकों ने बताया कि मौनियाधारा में राशन गोदाम के समीप पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। यहां क्लीनिक का भवन बन सकता है।

हर तहसील में बने सैनिक भवन
बागेश्वर। पूर्व सैनिकों ने कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र रानीखेत से मोबाइल कैंटीन सेवा का संचालन बागेश्वर के दूरस्थ गांवों तक करने, कांडा, कपकोट, गरुड़ और कठपुड़िया में सैनिक भवन बनाने, स्थानीय कैंटीन में उम्रदराज वीरांगनाओं के लिए अलग काउंटर बनाने की भी मांग की है।

Related posts