
शिमला। हिमाचल प्रदेश में शीतकालीन सत्र की तैयारी में विभागाध्यक्षों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। शिक्षा विभाग में गैर शिक्षक कर्मचारियों, निदेशालयों में तैनात अधिकारी और कर्मचारी जिला उपनिदेशकों, कॉलेजों के प्रिंसिपलों से लेकर स्कूलों के मुखियों की छुट्टियां बंद कर दी हैं। इन्हें अवकाश महज आपात स्थिति में ही निदेशक की मंजूरी के बाद मिल सकेंगे। इसके लिए जिला निदेशक की ओर से छुट्टियां नहीं दी जा सकेंगी। वहीं, स्वास्थ्य विभाग में भी कार्यालयों में तैनात स्टाफ से लेकर अन्य सभी फील्ड स्टाफ की छुट्टियां शीतकालीन सत्र के दौरान बंद करने का फैसला लिया है। इसमें कर्मचारियों को महज आपात स्थिति में ही छुट्टी मिलेगी। विभागों ने विधानसभा सत्र के दौरान नोडल अधिकारी की तैनाती कर रखी है। नोडल अधिकारी यदि जरूरत महसूस करते हैं तो किसी भी अवकाश के दिन कर्मचारियों और अधिकारी को सूचना मुहैया करवाने के लिए बुला सकते हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि की इस मर्तबा सूचना जुटाने की मुहिम स्कूल के प्रिंसिपल, अधीक्षक से लेकर अधिकतर कर्मचारियों का अवकाश पर होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए इस बार पहले से ही विभाग ने अपनी तैयारी को देखते हुए अधिकारियों, गैर शिक्षक कर्मचारियों और संस्थानों की मुखियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध लगाया है। इन्हें आपात स्थिति में ही अवकाश मिल सकेगा।
निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी ने बताया कि शीतकालीन सत्र के दौरान कोई परेशानी न हो, इसलिए छुट्टियां बंद करने का फैसला लिया है।
