ताला तोड़ सप्लाई किया दूषित पानी

बिलासपुर। आंत्रशोथ की चपेट में आए जबली इलाके में गत एक व्यक्ति ने पेयजल योजना में ताले तोड़ कर दूषित पानी गांव को सप्लाई कर दिया। आईपीएच को इसकी बुधवार सुबह जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत कर दी। अभी तक ताला तोड़ने वाले का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जबली, मंडी माणवा और रघुनाथपुरा में आंत्रशोथ का प्रकोप फैला है। आईपीएच का कहना है कि इसकी जानकारी मिलते ही फील्ड स्टाफ का सतर्क कर वहां सुपर क्लोरिनेशन किया गया। टैंकों एवं पेयजल स्रोतों की सफाई की गई। इसके तहत टैंक में दवाई डालने के बाद पानी कुछ घंटों के अंतराल के बाद गांव को सप्लाई किया जा रहा था। आईपीएच के अधिशासी अभियंता पीसी ठाकुर ने बताया कि यह योजना पहले ही ग्राम पंचायत के अधीन है। नौणी पंचायत को इस योजना के रखरखाव की जिम्मेवारी दी गई है। आईपीएच का कहना है कि दोनों ही पंचायतों की लापरवाही के कारण पानी की शुद्धता खराब हुई है। आईपीएच विभाग द्वारा इसी योजना से खनसरा, राजपुरा और आंशिक रूप से रधुनाथपुरा आदि गांव के लिए वितरित किए जल से कोई आंत्रशोथ का मामला सामने नहीं आया। अब विभाग ने आंत्रशोथ की चपेट में आए सभी गांव में भी सुपर क्लोरीनेशन करना सुनिश्चित किया है। बावजूद इसके उन्हें पूरा सहयोग नहीं मिल रहा। ठाकुर ने बताया कि जबली के किसी शख्स ने विभाग के इन प्रयासों को बाधित करने का भी प्रयास किया। विभाग ने आंत्रशोथ होते ही अप्पर जबली में बने टैंक के व्हील वाल्व चैंबर में ताला लगाया व यह सुनिश्चित किया कि पहले टैंक को स्रोत के पानी से भरने दिया जाएगा और ब्लीचिंग पाउडर डालकर आधा घंटा मिश्रण समय देने के बाद ही खोला जाए। लेकिन, मंगलवार रात किसी ने ताले तोड़ कर रातों-रात पानी को गांव के लिए छोड़ दिया। इस संदर्भ में सहायक अभियंता के माध्यम से सदर थाना में शिकायत पत्र भी सौंपा गया है। एसपी कपिल शर्मा ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है

Related posts