
चंबा। बचत भवन चंबा में उपायुक्त संदीप कदम की अध्यक्षता में लाडा के तहत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इसमें प्रोजेक्ट प्रबंधन के अधिकारियों और प्रोजेक्ट प्रभावित पंचायतों के प्रधानों और ग्रामीणों ने भाग लिया। उपायुक्त ने समस्त प्रोजेक्ट प्रबंधनों से लाडा के तहत खर्च और बकाया राशि का ब्यौरा लिया। उन्होंने बताया कि जिला में लाडा के अंतर्गत करीब 30 करोड़ रुपये प्रोजेक्टों से लेने थे। इनमें से करीब 22 करोड़ प्रशासन के पास पहुंच चुके हैं, जबकि आठ करोड़ की धन राशि लेना बाकी है। उपायुक्त ने बकाया राशि पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि प्रोजेक्टों से लाडा की बकाया राशि नियम अनुसार ब्याज सहित वसूली जाएगी। उन्होंने प्रोजेक्ट प्रबंधन को आदेश दिए कि ग्राम सभा की ओर से पारित जन हितैषी योजनाओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर धन उपलब्ध करवाया जाए। इस मौके पर बघेईगढ़ के प्रधान देसराज, उप प्रधान जुमण, रूमी राम, राजेंद्र, आईए एनर्जी के जीएम ललित कुमार मौजूद रहे।
उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि लाडा के तहत रास्ते व डंगे निर्माण की बजाय भविष्य में रोजगार पैदा करने वाले कार्य करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि लाडा के तहत प्रभावित क्षेत्र में कृषि व बागवानी के कार्यों को बढ़ाया दिया जाए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को कहा कि रास्ते व डंगे निर्माण कार्य अन्य मदों से करवाया जा सकता है। पक्के रास्ते व डंगे निर्माण से भविष्य में रोजगार पैदा नहीं हो सकता है। उन्होंने आईए एनर्जी प्रोजेक्ट प्रभावित पंचायतों के टिकरीगढ़ व बघेईगढ़ के प्रधानों को आदेश दिए कि वे क्षेत्र में फलों के भंडारण के लिए कोल्ड स्टोर, मशरूम सेंटर लाडा के तहत बनवा सकते हैं। साथ ही किसानों को लाडा के पैसों से ट्रेनिंग दिलवाकर, उन्हें आधुनिक खेती के गुर सिखा सकते हैं। इससे गरीब किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। उपायुक्त ने टिकरीगढ़ के प्रधान जीवन, बघेईगढ़ के प्रधान देसराज को कहा कि वे ट्रेनिंग प्राप्त करने के इच्छुक किसानों की सूची प्रोजेक्ट प्रबंधन को सौंपे। प्रोजेक्ट प्रबंधन को इन किसानों को मुफ्त में ट्रेनिंग दिलवाएगा।
प्रधान ने मांगी लाडा की गाइडलाइन
बघेईगढ़ के प्रधान जीवन ने बैठक में उपायुक्त से ग्राम पंचायत को लाडा की गाइडलाइन मुहैया करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लाडा की धन राशि समस्त वार्डों में समान रूप से खर्च की जाए।
चांजू में बाहरी अप्रशिक्षित श्रमिक न लगाएं
चांजू के प्रोजेक्ट प्रभावित पंचायतों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को बताया कि चांजू प्रोजेक्ट में अधिकतर अप्रशिक्षित श्रमिक बाहरी क्षेत्रों के कार्य कर रहे हैं। इससे स्थानीय पंचायतों के श्रमिकों में काफी रोष है। उन्होंने प्रोजेक्ट प्रबंधन व उपायुक्त से इस दिशा मे कार्रवाई करने की मांग की।
आईपीएच को दिए लाखों का पता नहीं
बघेईगढ़ पंचायत के वार्ड सदस्य ढील राम ने कहा कि लाडा के तहत आईपीएच विभाग को पांच लाख रुपये जारी किए गए थे। इस धन राशि का कोई अता पता नहीं है। उन्होंने बताया कि पंचायत में इस धन राशि से कोई कार्य भी शुरू नहीं किया गया है।
प्रमाण पत्र करवाएं जमा
प्रोजेक्ट प्रभावित पंचायतों में लाडा के तहत विकास कार्यों पर खर्च की गई राशि का ब्यौरा जिला प्रशासन ने तलब किया है। प्रशासन ने पंचायत प्रतिनिधियों को आदेश दिए कि जल्द पंचायतों में हुए कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करवाएं।
कठवाड़ के क्षतिग्रस्त घरों की नहीं हुई मरम्मत
चांजू प्रोजेक्ट की टनल के निर्माण के दौरान ब्लास्टिंग की गई थी और इससे कठवाड़ गांवों के काफी घरों में दरारें पड़ गई थीं। करीब 80 प्रभावित लोगों ने मुआवजा देने के लिए प्रोजेक्ट प्रबंधन से मांग की थी। अभी तक किसी भी ग्रामीण को मुआवजा नहीं मिला है। उपायुक्त ने एसडीएम तीसा को प्रोजेक्ट के समस्त लंबित मामलों पर जल्द कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
