विशेष व्यक्तियों की सरकार कर रही मदद : बुटेल

धर्मशाला। विश्व विकलांगता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन सिद्धबाड़ी में चिन्मय ग्रामीण विकास संगठन के सौजन्य से किया गया। इस दौरान विस अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विशेष व्यक्ति अक्षम होते हुए भी समाज के लिए अपनी अहम भूमिका अदा कर रहे हैं। उन्होंने चिन्मय ग्रामीण विकास संगठन की ओर से अक्षम व्यक्तियों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कहा कि यह संस्था प्रदेश के 540 गांवों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों की सेवा कर रही है और शारीरिक तथा मानसिक रूप से अक्षम व्यक्तियों को सक्षम बनाने के लिए विशेष भूमिका अदा कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से शारीरिक रूप से विकलांग तथा मानसिक रूप से अक्षम व्यक्तियों के कल्याण और उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। विकलांग व्यक्तियों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए जहां विभिन्न स्तरों पर छात्रवृत्तियां सरकार प्रदान कर रही है, वहीं इस वर्ग के लोगों को अपना व्यवसाय करने के लिए वित्तीय मदद तथा सरकारी नौकरियों में आरक्षण सुविधा प्रदान की है। शारीरिक रूप से अक्षम होते हुए भी बहुत से व्यक्तियों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करके अनेक इनाम प्राप्त किए हैं। कांगड़ा जिले के रैत निवासी एवं संस्था के उपाध्यक्ष महेंद्र ने शारीरिक अक्षमता को हावी नहीं होने दिया और बुनाई के हुनर में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने अन्य अक्षम व्यक्तियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। संस्था की राष्ट्रीय निदेशक सुल्क्षमा मैत्रे ने विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

सरकारी ने चलाई कई योजनाएं : सूद
अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक मामले विभाग के सौजन्य से विश्व विकलांगता दिवस का आयोजन बाल अक्षम दाड़ी के सदन में हुआ। जिला कल्याण अधिकारी अशीम सूद ने कहा कि विभाग ने विकलांग लोगों के लिए कई तरह की योजनाएं चलाई हैं। समय-समय विकलांगों को कृत्रिम अंग भी वितरित किए जा रहे हैं। सरकारी नौकरियों में भी विकलांग व्यक्तियों को छूट दी गई है। इस मौके पर प्रदेश विकलांग बोर्ड के निदेशक तकदीर सिंह, जितेंद्र सिंह, विजय शर्मा और अन्य उपस्थित रहे।

Related posts