
नक्शे पास करवाना बना आफत
बद्दी (सोलन)। बीबीएन में नगर एवं योजनाकार की स्थायी नियुक्ति न होने से लोगों को नक्शे बनवाने में काफी समय लग रहा है। सरकार ने शिमला के नगर एवं योजनाकार को बीबीएन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
बद्दी-बरोटीवाला, नालागढ़ विकास प्राधिकरण (बीबीएनडीए) में अब ज्यादातर कार्य नक्शे पास करवाने का है। ऐसे में यहां पर स्थायी रूप से नगर एवं योजनाकार के न बैठने से लोगों को अपने नक्शे पास करवाने में दिक्कतें आ रही हैं। शिमला से योजनाकार माह में एक दिन यहां पर आता है, लेकिन अगर किसी कारणवश किसी का नक्शा निर्धारित दिन में पास नहीं होता है तो उसे एक माह का इंतजार करना पड़ता है। यहां पर सरकार ने बद्दी, नालगढ़ और बरोटीवाला में सहायक नगर एवं योजनाकार तैनात किए हुए हैं लेकिन उन्हें व्यवसायिक नक्शे पास करने की पावर नहीं है। घरेलू नक्शे भी वे पांच सौ मीटर तक ही पास कर सकते हैं।
बीडीसी वाइस चेयरमैन बलविंद्र ठाकुर, नवनीत ठाकुर, विवेक गुप्ता, पाल सिंह, प्रदेश विवि के पूर्व रजिस्ट्रार गुरवचन सिंह ने बताया कि बीबीएन में नगर एवं योजनाकार की स्थायी नियुक्ति न होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बीबीएन के 90 फीसदी लोगों के पास अब जमीन बहुत कम रह गई है। लोगों को अपने नक्शे पास करवाने लिए शिमला से आने वाले योजनाकार का इंतजार करना पड़ता है। यहां पर तैनात सहायक योजनाकार को लोगों के नक्शे पास करवाने की शक्तियां मिलनी चाहिए। इस संबंध में बीबीएनडीए के अतिरिक्त सीईओ राजेश्वर गोयल ने बताया कि स्थायी नियुक्ति करना सरकार के हाथ में बात है लेकिन वर्तमान में बीबीएनडीए के पास कोई भी नक्शा लंबित नहीं पड़ा है।
