झलूं से महिला के अपहरण पर केस

ज्वाली (कांगड़ा)। नकाबपोशों की ओर से महिला के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने छानबीन तेज कर दी है। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित महिला ने सिद्धपुरघाड़ के गांव झलूं में बुधवार रात्रि नकाबपोशों द्वारा अपहरण का आरोप लगाया है। पीड़िता रीना देवी पत्नी गुरनाम सिंह की मानें तो बुधवार शाम के समय तीन नकाबपोशों ने उसका घर से अपहरण कर लिया। कपड़े से मुंह बंद कर उसे गाड़ी में बैठा लिया। गाड़ी में बैठाने के बाद अपहरणकर्ताओं ने उसे नशीला पदार्थ पिला दिया, इसके बाद उसे कोई होश नहीं रहा। जब होश आया तो खुद को एक कमरे में बंद पाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि नकाबपोशों ने उसके साथ मारपीट भी है। वीरवार को शाम तीन बजे नकाबपोश उसके पास नकाब पहने हुए आए और उसके साथ मारपीट की और शुक्रवार देर शाम 3 बजे उसे चलती गाड़ी से हरनोटा में फेंक गए, जिस कारण उसे गंभीर चोटें आई हैं। वह जैसे-तैसे घर पहुंची तथा आपबीती परिजनों को सुनाई। उसके बाद पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया। शिकायतकर्ता ने गांव के ही एक व्यक्ति चैन सिंह पर उक्त वारदात को अंजाम देने का शक जाहिर किया है। उसने बताया कि चैन सिंह के साथ उनका झगड़ा हुआ था तथा उसी के चलते चैन सिंह ने उक्त वारदात करवाई है। उधर, डीएसपी ज्वाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने भादसं की धारा 365, 382, 342 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार को वह स्वयं मौके पर गए थे, लेकिन शिकायतकर्ता नहीं मिली तथा पुलिस ने इस संदर्भ में चैन सिंह से भी पूछताछ की है। उन्होंने कहा कि इस मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा।

Related posts