
धर्मशाला। 15 मिनट में विकास कार्यों की पूरी रिपोर्ट लेकर बैठक में पहुंचो, उसके बाद आपसे बात करेंगे। सांसद डॉ. राजन सुशांत ने धर्मशाला ब्लॉक की समीक्षा बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों व अधिकारियों की खूब क्लास ली। सांसद ने एक अधिकारी को अधूरी रिपोर्ट पर ऐसी नसीहत दे डाली, लेकिन एक जन प्रतिनिधि के कहने पर उन्हें मौका दे दिया गया। सांसद ने कहा कि वह पंचायत प्रतिनिधियों के वेतन का मुद्दा संसद में उठाएंगे। प्रतिनिधियों को विकास कार्यों से इंसेंटिव दिए जाने का प्रावधान करवाया जाएगा। धर्मशाला ब्लॉक के कार्यों की सांसद ने सराहना की। सांसद ने कहा कि जिला कांगड़ा में अप्रैल से नवंबर, 2013 तक 67 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।
धर्मशाला ब्लॉक की टॉप 5 पंचायतें
विकास खंड धर्मशाला की पांच पंचायतों ने बेहतरीन विकास कार्यों को अंजाम दिया है। जिनमें खनियारा पंचायत नंबर वन है। जबकि बरवाला पंचायत दूसरे, झियोल तीसरे, पास्सू चौथे और सोकणी द कोट पांचवें स्थान पर है। इन पंचायतों में जॉब कार्ड धारकों की संख्या अन्यों की तुलना में बेहतरीन है।
एशिया की सबसे बड़ी पंचायत पिछड़ी
एशिया महाद्वीप की सबसे बड़ी पंचायतों में शुमार मंत पंचायत विकास कार्यों में पिछड़ गई है। मौजूदा समय में पंचायत में महज 37 जॉब कार्ड धारक रोजगार पा रहे हैं। हालांकि, जॉब कार्ड धारकों की संख्या 213 है। लेकिन, इनमें सौ से अधिक चरान खड्ड में रह रहे प्रवासी मजदूर हैं।
इन्होंने पूछे अधिकारियों से सवाल
ग्राम पंचायत पासू की प्रधान ने चैतडृू सड़क में ठेकेदार की लेटलतीफी पर सवाल किया। गगल पंचायत के प्रधान ने गगल में एक पुली के बाधित होने की समस्या रखी। बीडीसी सदस्य विपन कटोच ने कूहल का डंगा गिरने की समस्या को अधिकारियों के समक्ष रखा।
इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी डीआरडीए कुलवीर राणा नगर परिषद उपाध्यक्ष औंकार नैहरिया, बीडीसी अध्यक्ष सुदामिनी जरियाल, उपाध्यक्ष ममता मिश्रा, खंड विकास अधिकारी सुषमा कुमारी, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक सहित उपमंडल स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की सह सचिव गायत्री कपूर समेत कुछ अन्य पार्टी नेता व कार्यकर्ता भी शनिवार को धर्मशाला में आयोजित सांसद सुशांत के कार्यक्रम में दिखे। डॉ. राजन सुशांत भाजपा के निलंबित सांसद हैं।
