नेशनल ड्राइविंग स्कूल का कार्य ठप

सरकाघाट (मंडी)। पपलोग पंचायत मुख्यालय पर बन रहे राष्ट्रीय स्तर के ड्राइविंग स्कूल भवन का कार्य अधर में लटक गया है। ड्राइविंग स्कूल के भवन का कार्य धन की कमी के चलते पूरा नहीं हो पाया है। भवन का निर्माण कार्य हिमुडा करवा रहा है। लेकिन धन की कमी के चलते हिमुडा ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। भाजपाइयों ने इसका ठीकरा सरकार के सिर फोड़ा है।
ड्राइविंग स्कूल के भवन का वर्ष 2011 में पूर्व परिवहन मंत्री एवं धर्मपुर के विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने शिलान्यास किया था। भवन के निर्माण के लिए दस करोड़ की राशि परिवहन निगम ने स्वीकृत की थी। हिमुडा को शुरुआत में डेढ़ करोड़ की राशि जारी कर निर्माण कार्य शुरू करवाया गया लेकिन मौजूदा समय में कार्य रुक गया है। छात्रावास का भवन बिना छत और दरवाजों तथा खिड़कियों के खड़ा है। प्रशासकीय खंड के लिए नींव भरने का कार्य धीमी गति से चल रहा है। संस्था को टाटा समूह कंपनी ने गोद लेना स्वीकार किया था।
कंपनी ने यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुआें को रोजगार देने का वायदा भी किया था। लेकिन अभी तक योजना के अनुसार न तो भवन बन पाया और न ही युवाआें को ड्राइविंग स्कूल की सुविधा मिल सकी। धर्मपुर भाजपा मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र मंढोत्रा, महासचिव देशराज पालसरा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष रजत ठाकुर, उमेश कुमार शर्मा और विशाल ठाकुर ने कहा कि जब से कांग्रेस सरकार आई है, विस क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हैं। आरोप लगाया कि सरकार जानबूझ कर पूर्व सरकार के कार्यों में रोड़ा अटका रही है। लोगों ने ड्राइविंग स्कूल के भवन का कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है। हिमुडा के अधिशासी अभियंता टीके टंडन ने कहा कि धन की कमी के चलते निर्माण कार्य रुका पड़ा है।

Related posts