सरकार अब कर भी दो खोलानाल का उद्धार

मंडी। सराज क्षेत्र की दुर्गम एवं पिछड़ी पंचायत खोलानाल, नलबागी और कशौड़ के लोगों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से पंचायतों को जोड़ने के लिए हनोगी के पास पुल बनाने की मांग की है। पुल निर्माण की मांग को लेकर पंचायत के लोग क्रमिक अनशन भी कर चुके हैं। इसके बाद भी उनकी मांग पर गौर नहीं किया जा रहा।
नलबागी पंचायत के प्रधान जीवन लाल ठाकुर, अमर सिंह ठाकुर, चमन लाल ठाकुर, टहलदास ठाकुर, मनी राम, खूबे राम, केसर सिंह, शेर सिंह, ओमी चंद, पूर्ण चंद, दिनेश गोयल, धर्म सिंह, धर्मेंद्र ठाकुर, घनश्याम सिंह, लाल सिंह, नेत्र सिंह, बल राम, झाबे राम, उर्मिला देवी और नंदलाल ने कहा कि लंबे समय से हनोगी में पुल निर्माण की मांग की जा रही है। लेकिन इस पर सरकार और प्रशासन ने आज तक कोई गौर नहीं किया। उन्होेंने कहा कि खोलानाल, नलबागी और कशौड़ पंचायतें अभी तक सड़क सुविधाओं से नहीं जुड़ पाई हैं। इससे लोगों को रोजमर्रा की वस्तुओं को पीठ पर लादकर घर तक लाना पड़ता है।
बरसात के मौसम में चारों तरफ से सड़कें बंद होने पर लोगों को एक माह का राशन पहले से स्टोर करके रखना होता है। कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है तो उसे कुर्सी या चारपाई पर उठाकर 20 से 25 किलोमीटर की उतराई से सड़क तक लाते हैं। तीनों पंचायतों के लोगों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की है कि हनोगी में पुल निर्माण के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग को निर्देश दें। साथ ही पुल के लिए बजट का प्रावधान करवाए।

Related posts