सुंदरनगर में परचून विक्रेता हड़ताल पर

सुंदरनगर (मंडी)। रेट लिस्ट लगाने और फुटकर फल एवं सब्जी बेचने पर 25 प्रतिशत लाभ का प्रावधान करने के विरोध में सुंदरनगर के परचून सब्जी विक्रेता भी हड़ताल पर उतर गए हैं। वीरवार को विक्रेताओं ने दुकानें नहीं लगाईं। इस कारण उपमंडल में कहीं भी सब्जी का कारोबार नहीं हुआ। परचून विक्रेताओं की हड़ताल से धनोटू सब्जी मंडी में किसानों की करीब 50 हजार की सब्जी नहीं बिक सकी।
परचून विक्रेताओं के हड़ताल पर जाने से धनोटू मंडी में वीरवार को कोई कारोबार नहीं हुआ। फल एवं सब्जी विक्रेताओं के हड़ताल पर जाने की सूचना के चलते लोगों ने बुधवार को ही सब्जी खरीद ली थी।
परचून सब्जी विक्रेता संघ के महासचिव सतीश कुमार ने कहा कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों को नहीं मानता हड़ताल जारी रहेगी। आढ़ति एसोसिएशन के प्रधान रमेश कुमार ने कहा कि मंडी में जो भी माल बिकता है उसका हर रोज बिल काटा जाता है। मार्केट कमेटी जो आरोप लगा रही है वह सही नहीं है। जब तक परचून विक्रेता हड़ताल समाप्त नहीं करते आढ़ति किसी भी तरह की खरीद नहीं कर पाएंगे। जिला प्रशासन और मार्केट कमेटी के रवैये से किसानों को रोजाना हड़ताल के कारण आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा।

प्रशासन का फैसला सही : निरंजन
सुंदरनगर (मंडी)। सब्जी एवं फलों के मनमाने दाम लेकर चांदी कूट रहे आढ़तियों और परचून सब्जी विक्रेताओं पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन की ओर से उठाए कदम की हिमाचल सिविल राइट्स फोरम ने सराहना की है। फोरम के उपाध्यक्ष निरंजन ने कहा है कि लंबे समय से सब्जियों और फलों के दाम आसमान को छू रहे थे। इस सब्जी आम आदमी की पहुंच से दूर हो गई थी। प्रशासन की ओर से मूल्य सूचियां लगाने और लाभ की सीमा तय करने से कृत्रिम महंगाई पर अंकुश लगेगा। इससे महंगाई की मार झेल रहे लोगों को कुछ राहत मिल सकेगी।

Related posts