
नेरचौक (मंडी)। कृषि विभाग की ओर से सब्सिडी पर दिया जाने वाला आलू बीज न मिलने से बल्ह घाटी के किसानों ने बुधवार को कृषि विभाग के ब्लॉक कार्यालय के बाहर रोष प्रकट किया। किसानों का कहना है कि वे आलू बीज के लिए कार्यालय के कई चक्कर लगा चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें बीज नहीं दिया जा रहा। बुधवार को बल्ह क्षेत्र के गलमा, बाल्ट, सोयरा, मैरामसीत, नागचला, बुशैहर, ढांगू, ट्रोह, रत्ती, मलथेड़ और भंगरोटू के किसानों ने कृषि विभाग बल्ह ब्लॉक के कार्यालय के बाहर आलू बीज न मिलने पर रोष जताया।
कोहल गमला महिला मंडल की प्रधान लीला शर्मा ने विभाग पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग के पास आलू का बीज उपलब्ध है। लेकिन इसे किसानों में नहीं बांटा जा रहा। हर रोज किसान कृषि विभाग के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। किसान परस राम, दुर्गा शर्मा, सत्या, मीरा, कमला, गंगा, पुष्पा शर्मा, कृष्णा, उमावती, नेत्र सिंह, लेख राम, बालक राम, हेम राज, रूपा देवी, रजनी, आशा, कृष्ण चंद, देवेंद्र, मीना, कृष्णा, देवेंद्र गीतू, डुमणी देवी, नर्वदा देवी और धर्मा देवी ने बताया कि वे रोजाना दूर- दूर से बीज लेने के लिए कृषि विभाग के कार्यालय में आ रहे हैं। लेकिन विभागीय कर्मचारियों ने उन्हें आलू बीज नहीं दिया।
अब तीस रुपये किलो मिलेगा आलू
कृषि विभाग के विषयवाद विशेषज्ञ पीसी सैणी ने बताया कि विभाग के पास लिमिट सब्सिडी होती है। अब सब्सिडी खत्म है। आलू 30 रुपये प्रति किलो की दर से दिया जाएगा।
किसानों की डिमांड कर दी पूरी
विभाग के सेंटर स्टोर नेरचौक के प्रभारी पुरुषोत्तम वर्मा ने बताया कि पूरे जिले में 1130 क्विंटल आलू की डिमांड थी उसे पूरा कर दिया है। शेष डिमांड 165 किलोग्राम रहती है। इसे वीरवार तक पूरा कर दिया जाएगा। बल्ह क्षेत्र में 250 क्विंटल आलू बीज की डिमांड थी। इसमें से 240 क्विंटल बीज किसानों को बांटा जा चुका है।
