हेडमास्टरों के पद खाली, कैसे मिलेगा वेतन?

शिमला। हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग ने हेडमास्टर कोटे से प्रिंसिपल के पद के लिए पदोन्नति तो कर दी, लेकिन हेडमास्टरों के खाली पदों को भरने के लिए अभी तक पदोन्नति नहीं की है। हेडमास्टरों के पद खाली होने के कारण इन स्कूलों में शिक्षकों को अगले महीने के वेतन का संकट सताने लगा है। विभाग ने इन स्कूलों में अभी तक डीडीओ पावर किसी शिक्षक को नहीं दी है। 262 हेडमास्टरों को पिछले दिनों सरकार ने पदोन्नत कर प्रिंसिपल बना दिया है। डेढ़ सौ के लगभग पहले ही हेडमास्टरों के पद खाली पड़े थे। इन स्कूलों की डीडीओ की शक्तियां विभाग ने अब कलस्टर के प्रिंसिपल को देने की प्रक्रिया शुरू तो कर दी है, लेकिन निदेशक के बाहर होने के कारण अभी तक इन पर फैसला नहीं हो पा रहा है। टीजीटी कला संकाय के अध्यक्ष राकेश कानूनगो ने विभाग से मांग की है कि कलस्टर के प्रिंसिपल को शक्तियां देने की बजाय स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक को दी जाएं। इससे रूटीन के कार्यों से लेकर वेतन संबंधी कार्य करवाने के लिए शिक्षकों को कलस्टर तक जाने की दिक्कत से छुटकारा मिलेगा। साथ ही आरोप लगाया कि अभी तक स्कूलों में डीडीओ शक्ति किसे दी जानी है, इस पर भी अंतिम निर्देश विभाग की ओर से जारी नहीं हो सके हैं। इससे इन स्कूलों में शिक्षकों को अगले महीने के वेतन का डर सताने लगा है।
निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी ने कहा कि स्कूलों में डीडीओ शक्तियां देने की प्रक्रिया चल रही है। टीजीटी से हेडमास्टर के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया भी चली है। शीघ्र ही यह समस्या खत्म हो जाएगी।

Related posts