मुख्यमंत्री के जाते ही ‘छुट्टी’ पर मंत्री

शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के दिल्ली जाते ही राज्य सरकार के मुख्यालय सचिवालय में अवकाश सा माहौल बन जाता है। मुख्यमंत्री इस दिक्कत को देखते हुए अब तक तीन बार मंत्रियों को सप्ताह में कम से कम 4 दिन सचिवालय में रहने की हिदायत दे चुके हैं। दो हफ्ते पहले तो अफसरों की तरह मंत्रियों की हाजिरी की व्यवस्था भी लागू कर दी थी। मंत्रियाें के निजी सचिव इस बारे में हाजिरी मुख्य सचिव को बताते हैं। बावजूद इसके मंत्री सचिवालय में नहीं होते।
मुख्यमंत्री रविवार से दिल्ली गए थे। मंगलवार शाम को वे लौटे। सोमवार को सचिवालय में केवल दो मंत्री विद्या स्टोक्स और मुकेश अग्निहोत्री थे। मंगलवार को केवल आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स ही लोगाें की दिक्कतें सुनने के लिए उपलब्ध थीं। सोमवार को सचिवालय में छुट्टी जैसा माहौल इसलिए भी दिखा, क्योंकि करीब 9 शीर्ष प्रशासनिक सचिव भी दफ्तराें से बाहर थे। पिछले सोमवार को आपात कैबिनेट बैठक के कारण मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ओकओवर में लोगों से नहीं मिल पाए थे। इस सोमवार को नई दिल्ली प्रवास पर होने के कारण वह नहीं मिल पाए। इस कारण भी मंत्रियों की गैर मौजूदगी लोगों को ज्यादा अखरती है।

इनसेट
आज फिर दिल्ली जाएंगे सीएम
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंगलवार शाम को दिल्ली से शिमला लौट आए हैं। वह सुबह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मंसूर अहमद मीर के शपथ ग्रहण में राजभवन जाएंगे और दोपहर बाद वापस दिल्ली लौट जाएंगे। विधानसभा चुनाव को देखते हुए दिल्ली में रह रहे हिमाचल के लोगों के साथ कुछ कार्यक्रम वीरभद्र सिंह के हैं।

Related posts