
मंडी। नगर परिषद मंडी की डोर-टू-डोर गारवेज कलेक्शन योजना के तहत अब शहरवासियाें की मर्जी नहीं चलेगी। शहर के प्रत्येक घर को कूड़ा देना पड़ेगा। पहली दिसंबर से इस प्रक्रिया को आवश्यक तौर पर लागू किया जा रहा है। नगर परिषद का कर्मचारी घर-घर जाकर कूड़ा एकत्रित करेगा। इसकी एवज में प्रति घर से एक रुपये प्रतिदिन जबकि प्रति माह तीस रुपये वसूल किए जाएंगे।
भुगतान न करने पर भारी भरकम जुर्माना अदा करना पड़ेगा। दिसंबर तक पूरे शहर को डोर-टू-डोर गारवेज कलेक्शन योजना के तहत लाया जाएगा। इसके लिए योजना को प्रभावशाली ढंग से लागू किया जा रहा है। नगर परिषद मंडी ने सभी तेरह वार्डों में पहली दिसंबर से घर-घर जाकर कूड़ा उठाने की योजना बनाई है। योजना के तहत प्रत्येक घर से तीस रुपये प्रतिमाह वसूले जाएंगे। शहरवासियों को यह राशि एडवांस अर्थात महीने की पहली तारीख को देनी होगी। नगर परिषद मंडी के कार्यकारी अधिकारी केआर ठाकुर ने कहा कि डीसी के निर्देशों के तहत पहली दिसंबर से योजना को सभी वार्डाें में लागू किया जा रहा है। तय शुल्क न देने पर 500 रुपये जुर्माना देना होगा।
आज से कूड़ा उठाना शुरू करेंगे कर्मी
मंगलवार को डोर-टू-डोर गारवेज कलेक्शन योजना को लेकर नप अध्यक्ष सुशीला सौंखला की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों और वार्ड नंबर आठ की पार्षद विद्या देवी तथा वार्ड नंबर-छह के पार्षद आशुतोष ने भाग लिया। बैठक में योजना को लेकर चर्चा हुई। तय हुआ कि दोनाें वार्डों में नप के सफाई कर्मी बुधवार से कूड़ा उठाने का काम शुरू करेंगे।
देना ही पड़ेगा अब शुल्क
नगर परिषद अधिकारियों का तर्क है कि हर घर में कूड़ा होता है। इसे नप के सफाई कर्मचारी घर-घर जाकर उठाएंगे। यह शहरवासियों के लिए सुविधा होगी। इसके अतिरिक्त इसका मकसद शहर के सौंदर्यीकरण को भी बनाए रखना है। तय शुल्क ज्यादा नहीं है। इसे देना ही पड़ेगा।
