
रामपुर बुशहर। व्यापार मंडल के नए सिरे से गठन को लेकर व्यापारी और व्यापार मंडल आमने-सामने आ गए है। व्यापार मंडल का कहना है कि जिन व्यापारियों ने नए व्यापार मंडल के गठन की मांग की है वे व्यापार मंडल के सदस्य ही नहीं हैं। जबकि दूसरी ओर व्यापारियों का कहना है कि पंजीकरण के लिए कोई किसी के घर नहीं जाएगा, इसके लिए बैठक या आम सभा का आयोजन करना होता है। व्यापार मंडल ऐसा नहीं कर पाया है।
व्यापार मंडल के प्रधान हरीश गुप्ता, उप प्रधान नवनीत अग्रवाल, कोषाध्यक्ष दीपक सूद और सह सचिव सुशील कुमार ने कहा है कि कुछ लोग मिल कर व्यापार मंडल को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि बदनाम करने की साजिश के चलते चुनाव नहीं करवाए जाते हैं।
वहीं, व्यापारियों में राजन मित्तल, व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान पवन आंनद, विजय गुप्ता, हेमंत शैली और मनोज अग्रवाल सहित अन्य व्यापारियों का कहना है कि वे किसी के घर में जाकर पंजीकरण नहीं करवाएंगे। व्यापारियों ने कहा कि व्यापार मंडल पहले पंजीकृत व्यापारियों के नाम सबके सामने रखे और बताए कि उनके पास कितने व्यापारी पंजीकृत हैं। व्यापारियों का कहना है कि अगर व्यापार मंडल को व्यापारियों की इतनी चिंता है तो एक आम बैठक का आयोजन करें और उसमें पंजीकृत व्यापारियों के नाम बताएं, जिससे साफ हो जाएगा कि व्यापार मंडल कितने व्यापारियों को लेकर चल रहा है। व्यापारियों ने साफ कर दिया है कि सभी व्यापारियों का नए सिरे से पंजीकरण किया जाए। इसके बाद व्यापार मंडल का फिर से गठन किया जाए।
