अब कर्मचारी होंगे चार्जशीट

बड़सर (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रसीद बुक के कथित घोटाले में निलंबित दोनोें कर्मचारियों पर गाज गिरना तय है। न्यास प्रशासन उक्त कर्मचारियों को चार्जशीट करने की तैयारी कर रहा है। संभावना है कि प्रक्रिया को सोमवार या मंगलवार तक पूरा कर लिया जाए। पूर्व मंदिर अधिकारी से प्राप्त जानकारी के पश्चात प्रशासन कर्मचारियों को चार्जशीट करने वाला है। कर्मचारियों की ओर से दिए गए जवाब से भी न्याय प्रशासन सहमत नहीं है। दियोटसिद्ध मंदिर न्यासाध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर अक्षय सूद ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों निलंबित कर्मचारियों से लिखित और व्यक्तिगत तौर पर जवाब मांगा था। कर्मचारियों का जवाब संतोषजनक नहीं लगा। पूर्व मंदिर अधिकारी ने भी 500 पर्चियां छापने की अनुमति देने की बात कही है। उन्होंने बताया कि सोमवार को दोनों कर्मचारियों को चार्जशीट किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि एक माह पहले दियोटसिद्ध मंदिर न्यास के दो कर्मचारियों विक्रम सिंह और अनिल कुमार को रसीद बुक छापने के घोटाले के मामले में निलंबित कर दिया था। कर्मचारियों पर 500 रसीद बुक की अनुमति को टेंपरिंग कर पांच हजार करने का आरोप है। रिकार्ड जांचने पर अब तक करीब 2160 बिल बुक के लगभग 86000 रुपये की राशि निकाली जा चुकी है। 500 बिल बुक छापने पर करीब 20 हजार रुपये की राशि खर्च होनी थी। न्यास प्रशासन कोअभी तक करीब 764 रसीद बुकें ही मिली हैं। न्यासाध्यक्ष ने पूर्व मंदिर अधिकारी सूरज प्रकाश सोनी को बुलाया था तथा पर्चियां छापने के बारे में जानकारी ली। पूर्व मंदिर अधिकारी सूरजप्रकाश सोनी ने 500 पर्चियां छापने की अनुमति होने की बात कही है।

कोट्स………..

पूर्व मंदिर अधिकारी से पूछताछ की है। उन्होंने भी 500 रसीद बुकें छापने की अनुमति देने की बात कही। कर्मचारियों ने टेंपरिंग कर 5000 कर दिया था। इससे न्यास प्रशासन को चूना लगा। अब कर्मचारियों को चार्जशीट किया जाएगा।
-अक्षय सूद, न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर

Related posts