
शिमला। राजधानी शिमला के कोर एरिया में कालीबाड़ी रोड पर स्थित ऐतिहासिक बैंटनी कैसल भवन अब शिमला शहर का सिटी म्यूजियम बनेगा। इस बारे में भाषा एवं संस्कृति विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। सरकार अब इस भवन के करीब 5.3 बीघा भूभाग का अधिग्रहण करेगी। पर्यटन विभाग के साथ मिलकर यहां म्यूजियम स्थापित किया जाएगा। भवन के साथ खाली जमीन पर चिल्ड्रन पार्क विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस बारे में घोषणा की थी।
बैंटनी कैसल पूर्व भाजपा सरकार के समय विवाद का केंद्र बन गया था। इस निजी संपत्ति को इंग्लैंड के अप्रवासी भारतीय उद्योगपति खरीदना चाहते थे। सौदे की प्रक्रिया भी शुरू हो गई थी। पूर्व सरकार के समय पहले यह ऐलान हुआ कि सरकार इसका अधिग्रहण करेगी और सार्वजनिक सुविधाओं का केंद्र इस संपत्ति को बनाया जाएगा। लेकिन बाद में सरकार अचानक पीछे हट गई। तब कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए इस सौदे का विरोध किया था। बाद में सत्ता में आने के बाद विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसके अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसी आधार पर अब अधिसूचना जारी की गई है।
—–
मून इंटरनेशनल और डिक्सी कॉटेज की प्रक्रिया जारी
शिमला। राजधानी के छोटा शिमला स्थित दो और भवनों के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इनमें मून इंटरनेशनल और डिक्सी कॉटेज शामिल हैं। सरकार से इस बारे में निर्देश मिलने के बाद संबंधित महकमे इस बारे में प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। इन भवनों को लेकर पहले भी विवाद रहे हैं।
