जिले में खूब फलफूल रहा चरस कारोबार

चंबा। जिला चंबा में चरस का काला कारोबार दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जिला में चरस तस्करी के लगातार बढ़ रहे मामले चंबा को बदनाम कर रहे हैं। बीते तीन दिनों में तीन किलो 30 ग्राम चरस चंबा में पकड़ी गई है। चरस तस्करी के जायदातर मामलों के तार जिला की चुराह तहसील से जुड़े हुए पाए गए हैं। इससे साफ जाहिर है कि चुराह में चरस के काले धंधे की जड़े खत्म करने के लिए काफी काम करने की जरूरत है। हालांकि पुलिस विभाग समय-समय पर भांग उखाड़ो अभियान चलाता है, जो अभी नाकाफी दिख रहा है। उल्लेखनीय है कि 21 नवंबर को द्रड्डा के समीप चढ़ियार के पास रामगढ़ मोहल्ले के एक व्यक्ति से एक किलो 800 ग्राम चरस बरामद की थी। इसके बाद पुलिस ने बनीखेत के पास बौंखरी मोड़ में गश्त के दौरान 23 नवंबर को एक व्यक्ति से 800 ग्राम चरस बरामद की। फिर 24 नवंबर को भी चंबा खज्जियार मार्ग पर भटालवां मंदिर मोड़ के पास एक व्यक्ति से एक किलो 128 ग्राम चरस पकड़ी गई है। इसके अलावा इस धंधे के कारण पहले ही जेल भरी पड़ी है। जिला कारागार के अधिकतर कैदी या तो चरस मामलों में सजा काट रहे हैं या फिर अंडर ट्रायल हैं। हैरानी की बात है कि पुलिस को चरस की सप्लाई करने वालों का तो पता चल जाता है, मगर इसकी पैदावार करने वालों तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पा रहे हैं। चुराह क्षेत्र के ऊपरी इलाकों में चरस निकालने वालों का धंधा चमकता जा रहा है। बताया जाता है कि पुलिस यहां हाथ डालने से डरती है।

लोगों का सहयोग जरूरी
डीएसपी हेडर्क्वाटर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि चरस के काले कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए जागरूकता अभियान के साथ स्थानीय लोगाें का भी सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में पुलिस दोगुने जोश के साथ चरस तस्करों को पकड़ने के लिए मुहिम छेड़ेगी।

Related posts