सचिवालय के आधार पर दिया जाए वर्दी भत्ता

सुंदरनगर (मंडी)। राजकीय अर्ध राजकीय चालक एवं परिचालक महासंघ जिला मंडी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान उमेश शर्मा के नेतृत्व में मुख्य संसदीय सचिव सोहनलाल की अध्यक्षता में सांसद प्रतिभा सिंह से सुंदरनगर में मुलाकात की। इस मौके पर महासंघ ने सांसद के माध्यम से मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजा। मांग पत्र में महासंघ ने सरकार से मांग की है कि सभी विभागीय चालकों को सचिवालय के आधार पर 1400 रुपये विशेष वेतन भत्ता दिया जाए।
बीस साल में दो विशेष वेतन वृद्धियां जो सरकार ने सीएंडवी के आधार पर दी हैं वह सभी चालक वर्ग जिसमें रोड रोलर, डोजर चालक, कंप्रेसर आपरेटर, हाट मिक्स प्लांट आपरेटर और जेसीबी आपरेटर शामिल हैं को मिलनी चाहिए। सचिवालय के आधार पर वर्दी भत्ता या वर्दी भी दी जाए। प्रदेश में नगर परिषद, वन विभाग, आईपीएच और अन्य विभागों में जो क्लीनर एवं बेलदार पूर्ण रूप से पिछले कई सालों से वाहन चला रहे हैं उन्हें लोनिवि की तर्ज पर चालक के पद पर प्रमोट किया जाए। महासंघ ने विभागों से टैक्सी प्रथा भी बंद करने का आग्रह किया है। साथ ही भारी वाहनों में क्लीनर का पद सृजित करने की मांग उठाई। महासंघ की मांगों को सांसद प्रतिभा सिंह ने पूरी गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि वह उनकी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगी। इस मौके पर महासंघ के जिला महासचिव श्याम सिंह, वरिष्ठ उप प्रधान निर्मल सिंह, मुख्य सलाहकार पितांबर शर्मा, सुंदरनगर के प्रधान प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष सुखराम, सदर इकाई के प्रधान महेंद्र कुमार और महासचिव चमनलाल मौजूद रहे।

Related posts