
शिमला/धर्मशाला। एचपीसीए केस में वांछित विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा. नरेंद्र अवस्थी को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है। वीरवार को न्यायाधीश धर्मचंद चौधरी ने यह जमानत दी। नरेंद्र अवस्थी उस समय धर्मशाला कालेज के प्रिंसिपल थे, जबकि क्रिकेट मैदान के साथ सटा पुराना कालेज भवन गिराया गया था। इस कारण विजिलेंस को इनकी तलाश थी। दूसरी ओर नरेंद्र अवस्थी ने विवि से अपनी छुट्टी 25 नवंबर तक बढ़ा दी है। उनके अवकाश की अवधि बुधवार को खत्म हो गई थी, लेकिन वीरवार को उन्हें प्रशासन के पास अवकाश के लिए आवेदन पहुंचा दिया है। प्रशासन की ओर से इनकी अवकाश की तिथि को बढ़ा दिया है।
उधर सरकारी क्वार्टर गिराने के मामले में गिरफ्तार एक्सईएन डीसी चौहान को विजिलेंस ने एक दिन के रिमांड पर लिया है। विजिलेंस ने एक्सईएन को इंदौरा स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायालय की सर्किट बेंच में पेश किया। जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर रखने के आदेश हुए हैं। इससे पूर्व विजिलेंस ने मंगलवार को इसी मामले में रिटायर्ड एसडीओ महेंद्र चंद कटोच को गिरफ्तार किया था। कटोच का रिमांड शुक्रवार को समाप्त हो रहा है। विजिलेंस उन्हें शुक्रवार को ही अदालत में पेश करेगी। उधर, एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा की अग्रिम जमानत याचिका पर भी शुक्रवार को फैसला होगा। इस मामले की सुनवाई एडिशनल सेशन कोर्ट की सर्किट बेंच में होगी।
