अब नहीं होना पड़ेगा परेशान

चंबा। अब जिला अस्पताल में इमरजेंसी में 24 घंटे जरूरी दवाइयां मिलेंगी। इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के लिए रोगी के तीमारदारों को दुकानों से दवाइयां नहीं लानी पड़ेगी। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य महकमा फ्री में दवाइयां मुहैया करवाएगा। इसके लिए आरकेएस के तहत पैसे खर्च किए जाएंगे। इससे पहले इमरजेंसी के दौरान चिकित्सक पर्ची में दवाइयां लिख देते थे और तीमारदारों को बाजार से दवाइयां लानी पड़ती थी। ऐसी स्थिति में रात के वक्त काफी मुश्किलें आती थीं। रात के वक्त बाजार में दवाई की दुकानें बंद होने से मरीजों व उनके तीमारदारों को मुश्किलें झेलनी पड़ती थीं। अब स्वास्थ्य महकमे ने इमरजेंसी में समस्त जरूरी दवाइयां रखवा दी हैं। रात के वक्त इमरजेंसी में चिकित्सकों सहित मरीजों को कोई दिक्कतें पेश नहीं आएगी। इसमें खास बात यह है कि यह दवाइयां सभी वर्ग के लोगों को दी जाएंगी। यानी इमरजेंसी कक्ष में उपचार के दौरान किसी भी वर्ग को दवाइयों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। विभाग ने इमरजेंसी कक्ष में रखे फ्रिज व अलमारी में दवाइयां रखवा दी हैं। इमरजेंसी में दवाइयां उपलब्ध कराने व व्यवस्था चकाचक करने के लिए विभाग ने एक कर्मचारी की भी तैनाती कर दी है।
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि इमरजेंसी में समस्त जरूरी दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए रोगी कल्याण समिति के तहत बजट खर्च किया जाएगा। अब इमरजेंसी में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को प्राथमिक उपचार की दवाइयां निशुल्क रूप से मुहैया करवाई जाएंगी।

Related posts