47 पंचायतों को नहीं मिली खाद

तीसा (चंबा)। तीसा उपमंडल की लगभग 47 पंचायतों में खाद नहीं मिलने से बागवान व किसान परेशान हो रहे हैं। तीसा में हिमफैड के गोदाम में फसल की बिजाई में इस्तेमाल की जाने वाली खाद अभी तक नहीं पहुंची है। इससे बागवानों में काफी रोष देखा जा रहा है। बागवानों अश्वनी कुमार, नेगी राम, प्रजा राम, प्रेम लाल, भागी राम, शिवदयाल, चमन सिंह, भक्त राम और छांगा राम का कहना है कि लगभग 15 दिनों में सेब के बगीचों की निराई व सेब के पौधों की कटाई-छंटाई का कार्य शुरू होने वाला है, लेकिन सरकारी गोदाम में अभी तक खाद की खेप नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मक्की व गेहूं की फसल की बिजाई के लिए सरकारी गोदाम में खाद समय पर उपलब्ध नहीं होने से कई किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर विभाग की ओर से सेब की निदाई व खुदाई के दौरान समय पर खाद नहीं उपलब्ध करवाई गई तो बागवानों को आने वाले सेब के सीजन में काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है। कई बागवानों की आजीविका सेब की फसल पर ही निर्भर है। ऐसे में अगर उनको समय पर खाद नहीं उपलब्ध करवाई गई तो उन्हें अपने परिवार के पालन पोषण में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने विभाग व सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द सरकारी गोदामों में खाद उपलब्ध करवाई जाए। इससे बागवानों को आने वाले सेब के सीजन में नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा। इस समस्या को लेकर सभी बागवान चुराह के विधायक हंसराज से भी मिल चुके हैं। विधायक हंसराज ने बागवानों की समस्या को विभाग के उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दिया है और साथ ही इसका शीघ्र समाधान करने का आग्रह भी किया है।

उधर, हिमफैड तीसा के इंचार्ज प्रहलाद का कहना है कि विभाग के उच्चाधिकारियों से तीसा के लिए लगभग 500 क्विंटल खाद उपलब्ध करवाने की मांग की गई है। आगामी 20 दिनों में सरकारी गोदाम में खाद उपलब्ध करवा दी जाएगी।

Related posts