सर्विस बुक अपडेट नहीं कर रहे शिक्षक

धर्मशाला। जिला कांगड़ा में शिक्षा विभाग का पीएमआईएस सॉफ्टवेयर बेकार पड़ा प्रतीत हो रहा है। शिक्षा विभाग के आदेशों के बावजूद जिला के शिक्षक और गैर शिक्षक स्टाफ सर्विस बुक रेगुलर बेसिज पर अपडेट करने से तौबा कर रहा है जबकि शिक्षा विभाग ने अध्यापकों को अपनी सर्विस बुक अपडेट करवाने के लिए विशेष तौर पर पीएमआईएस सॉफ्टवेयर लांच कर रखा है। इसके लिए जिला स्तर पर आईटी के नॉडल अधिकारी भी बैठाए गए हैं लेकिन असल में कोई फायदा नहीं हो रहा। हालांकि, शिक्षा विभाग ने इसके बारेे में शिक्षकों को विशेष हिदायत दे रखी है। बावजूद इसके जिला में नाममात्र अध्यापकों की सर्विस बुक ही रेगुलर बेसिज पर अपडेट हो रही है। अन्य शिक्षक शिक्षा विभाग के आदेशों की अवहेलना करने से गुरेज नहीं कर रहे। सर्विस बुक अपडेट न करने से शिक्षकों की पदोन्नति व स्थानांतरण पर प्रभाव पड़ सकता है। सर्विस बुक समय-समय पर अपडेट करने से शिक्षकों को पदोन्नति का मौका आसानी से मिल जाता है। सर्विस बुक अपडेट न होने से शिक्षकों से पदोन्नति का मौका हाथ से जा सकता है। पदोन्नति व स्थानांतरण में परेशानी न आए, इसके लिए शिक्षा विभाग ने विशेष तौर पर यह सॉफ्टवेयर चलाया है लेकिन विभाग की यह मुहिम सही तरह से सिरे नहीं चढ़ पा रही है। जिला कांगड़ा के सैकड़ों स्कूलों में हजारों शिक्षक कार्यरत हैं जिन पर इसका असर पड़ सकता है।

नाममात्र ही कर रहे अपडेट : दीवान
जिला नॉडल अधिकारी दीवान चंद का कहना है कि समस्त स्कूलों में कार्यरत स्टाफ को इसके बारे में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बावजूद इसके नाममात्र शिक्षक ही रेगुलर अपडेट कर रहे हैं। इसका असर उनकी पदोन्नति व तबादले के दौरान पड़ सकता है। उन्होंने शिक्षकों से रेगुलर अपडेट करने का आह्वान किया है।

शिक्षा उपनिदेशक भजन सिंह का कहना है कि रेगुलर अपडेट न करने वाले शिक्षकों की आगामी समय में होने वाली पदोन्नति पर प्रभाव पड़ सकता है। सर्विस बुक को समय-समय पर अपडेट करना आवश्यक है।

Related posts