
बरठीं (बिलासपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में सरकार द्वारा शुरू की गई यलो कार्ड सुविधा का जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है। यलो कार्ड पर फोटो नहीं होने के कारण इस तरह की गतिविधि को कई लोग आसानी से अंजाम दे रहे हैं। इससे निगम को भी लाखों रुपये का चूना लग रहा है।
हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए यलो, स्मार्ट कार्ड का प्रावधान किया गया है। यलो कार्ड पर निर्धारित स्थान से कहीं भी 40 किलोमीटर तक का सफर तय करने पर यात्रियों को किराए में 20 फीसदी की छूट दी जाती है। स्मार्ट कार्ड पर प्रदेश के किसी भी भाग में 10 फीसदी तक की छूट किराये में हैं। इसका गलत तरीके से प्रयोग किया जा रहा है। कार्ड पर साधारणतय: व्यक्ति का नाम, पता, केंद्र स्थान के साथ उम्र का ब्यौरा दिया जाता है। कार्ड पर फोटो नहीं होने के कारण कार्ड होल्डर के अलावा उसी उम्र के अन्य व्यक्तियों द्वारा प्रयोग किया जा रहा है। सरकार द्वारा नए कार्ड पर अधिक छूट की घोषणा की गई है। अभी तक नए कार्ड नहीं मिलने के कारण पुराने कार्डों का ही प्रयोग किया जा रहा है। यदि नए कार्ड में फोटो नहीं लगाए जाते हैं तो यह समस्या बनी रहेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक बिलासपुर संतोष कुमार ने कहा कि यलो कार्ड प्रयोग में समस्या हो सकती है। स्मार्ट कार्ड में फोटो लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि समस्या समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
