
पालमपुर (कांगड़ा)। पाहड़ा इलाके से महिला को भगाने के मामले में गिरफ्तार तीन लोगों को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इन तीनों लोगों ने आरोपी युवक का महिला को भगाने में साथ दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से इन्हें न्यायिक हिरासत मिली है। सितंबर माह में पाहड़ा इलाके से एक युवक महिला को घर से जबरन ले गया था। उस मामले में पुलिस ने वीरवार शाम आरोपी युवक के जीजा, बहन और जीजा की माता को गिरफ्तार किया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जब आरोपी युवक तनु महिला को उसके घर से जबरन ले गया था तो युवक ने जंगल से अपने जीजा इंद्रजीत को फोन किया और उससे गाड़ी मंगवाई और कहा कि वे ठंढोल रेन शेल्टर के पास हैं और उन्हें वहां से ले जाए। जब उसका जीजा घर से गाड़ी लेकर चला तो उसकी पत्नी और माता भी साथ आ गई। रात को वे दोनों को अपने घर ले गए और सुबह बस में बिठा दिया। गौर है महिला को 25 अक्तूबर को पुलिस सिलीगुड़ी (पश्चिमी बंगाल) से पालमपुर लेकर आई थी। महिला ने आते ही अपने ही गांव के युवक तनु पर घर से जबरन ले जाने और दुराचार का आरोप लगाया था। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था और वह न्यायिक हिरासत में है। जबकि 5 नवंबर को महिला ने कोई जहरीला पदार्थ खा कर अपनी जान दे दी थी। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि गिरफ्तार की गई दो महिलाओं और एक व्यक्ति को न्यायालय से 23 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा है।
