
चंबा। हिमाचल प्रदेश इलैक्ट्रोहोम्योपैथिक चिकित्सक संघ और रबिसन इंडिया इलैक्ट्रोहोम्यो फार्मा चंबा के संयुक्त तत्वावधान में पांच दिवसीय वैज्ञानिक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला का आयोजन सात दिसबंर से 11 दिसंबर तक होटल आशियाना में होगा। कार्यशाला में देश भर के 14 से अधिक प्रातों के 60 डेलीगेट भाग लेंगे। इसके लिए पंजीकरण निर्धारित समय सीमा 10 नवंबर तक पूरा हो चुका है। केंद्रीय मीडिया प्रभारी डा. सुरेंद्र ठाकुर व डा. संजीव शर्मा ने बताया कि इस चिकित्सा पद्धति के वैज्ञानिक पक्ष पर खासतौर पर चर्चा होगी। इसमें फार्माकापिया, फिलोसाफी व फार्मेसी विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। छह दिसंबर शाम तक देश भर के इलैक्ट्रोहोम्योपैथ चंबा में एकत्र होंगे। उन्होंने बताया कि प्रथम तीन दिनों में डेलीगेट चिकित्सा पद्धति के विभिन्न पहलुओं पर मंथन करेंगे और विभिन्न विषयों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। नौ दिसंबर को खज्जियार रेंज में वन भ्रमण किया जाएगा। इसके बाद 10 व 11 दिसंबर को समस्त प्रतिनिधियों को पालमपुर स्थित वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद के प्रतिष्ठित हिमालयन जैव प्रौद्योगिकी संस्थान में विशेष तकनीकी जानकारियों से रूबरू करवाया जाएगा। इस दौरान संस्थान के निदेशक डा. पीएस आहूजा इलैक्ट्रोहोम्योपैथी के फार्माकापिया का विमोचन भी करेंगे।
