
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां में घटिया गुणवत्ता की 8 से 10 किलोग्राम मिठाइयों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फिंकवा दिया है। साथ ही दुकानदारों को अच्छी गुणवत्ता युक्त मिठाइयां बेचने की हिदायत दी है। दीपावली पर्व के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मिठाइयों की दुकानों से सैंपल भरने का काम शुरू कर दिया है। अलग-अलग जगहों से मिठाइयों के सैंपल भरे जा रहे हैं। सैंपल फेल होने पर दुकानदारों के कोर्ट में चालान पेश किए जाएंगे। दीवाली पर्व के चलते दुकानदार मुनाफे के चक्कर में मिलावटी मिठाइयां बेच देते हैं। इनका सेवन करने पर लोगों का स्वास्थ्य भी बिगड़ जाता है। नगरोटा बगवां में विभाग की टीम ने फिर हलवाई और फल विक्रेताआें की दुकानों पर दबिश देकर जांच की। बीएमओ नगरोटा बगवां डा. विनोद चौधरी के निर्देशों से स्वास्थ्य शिक्षिका उर्मिल कपूर, किशोरी लाल तथा सुशील धीमान की टीम ने नगरोटा बगवां, मलां और पठियार में लगभग 20-22 दुकानों का निरीक्षण किया तथा खराब पाई गई 8-10 किलोग्राम मिठाई को फिंकवाया। स्वास्थ्य शिक्षिका उर्मिला कपूर ने बताया कि इस दौरान दुकानदारों को चेतावनी दी है कि घटिया गुणवत्ता युक्त मिठाइयां लोगाें को न बेचें। पुन: दुकानाें का निरीक्षण किया जाएगा और सैंपल भरे जाएंगे। सैंपल फेल होने पर दुकानदारों के कोर्ट में चालान पेश किए जाएंगे। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पठियार में मिड-डे मील के भोजन को भी जांचा गया, लेकिन उसकी गुणवत्ता सही पाई गई ।
