हजारों उपभोक्ता को नहीं मिला सस्ता राशन

सुंदरनगर/बरोट (मंडी)। दीपावली त्योहार के लिए अब मात्र चार दिन शेष हैं लेकिन उपभोक्ताओं को सहकारी डिपुओं पर अनुमान पर मिलना वाला राशन नहीं मिल रहा। जिले के कई क्षेत्रों में डिपुओं पर रिफाइंड तेल और दालें राशनकार्ड धारकों को नहीं दी जा रही। सुंदरनगर में तीन माह और चौहारघाटी में दो माह से तेल और दालों की आपूर्ति नहीं की गई है। उपमंडल सुंदरनगर में करीब चार माह से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के राशन की आपूर्ति गड़बड़ाई हुई है। यहां पर करीब 20 हजार राशनकार्ड धारक हैं। इन्हें डिपुओं के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली और उपदान पर राशन मुहैया करवाया जाता है। दो माह से डिपुओं में चीनी का कोटा नहीं आया है और तीन माह से तेल और दालें भी नहीं मिली हैं।
स्थानीय उपभोक्ता रमेश चंद, यशपाल, अमर चंद, प्रेम वर्मा, संजय ठाकुर, रामचंद्र, सुभाष जगोता और जितेंद्र कटोच ने बताया नवंबर माह के आरंभ होते ही दीपावली, गौवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे महत्वपूर्ण त्योहार शुरू हो जाएंगे। ऐसे में घर पर मेहमानों का आना जाना अधिक होता है। लेकिन कई माह से सस्ता राशन नहीं मिल पाया है।
सुंदरनगर में तैनात खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक सुनीता राणा ने बताया कि स्टोर में राशन की खेप पहुंच चुकी है। इसे जल्द ही डिपुओं के माध्यम से आवंटित कर दिया जाएगा। उधर चौहारघाटी और छोटा भंगाल क्षेत्र की 12 सहकारी सभाओं को सस्ता राशन उपलब्ध करवाने वाले बरोट भंडार में दो माह से तेल और दालों की सप्लाई नहीं पहुंची है। हर साल क्षेत्र में बर्फबारी के चलते नवंबर में पांच माह का राशन एक साथ दिया जाता है। इस बार डिपुओं पर पर्याप्त राशन नहीं है। स्थानीय निवासी शेर सिंह, ध्यान चंद, कालीदास, भवानी, प्यार चंद, हरी राम, प्रभा, मौजी राम, कृष्ण चंद, संत राम ने बताया कि तेल व दालों के लिए बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं। बरोट भंडार के प्रभारी त्रिलोक चंद का कहना है कि अभी तक दालों और तेल की सप्लाई भंडार में नहीं पहुंची है। सप्लाई आने पर सहकारी सभाओं को भेजी जाएगी।

Related posts