बावा हरदीप का दूसरा पद छोड़ने से इनकार

शिमला। भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के प्रदेशाध्यक्ष बावा हरदीप सिंह सरकार या पार्टी संगठन में से कोई भी पद नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा है कि उन पर ‘एक व्यक्ति एक पद’ सिद्धांत लागू नहीं होता है। वह जल्दी ही इस पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को अपनी स्थिति स्पष्ट करेंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश और झारखंड के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि वहां इंटक प्रमुख भी दो-दो पदों पर बने हैं।
बावा ने शनिवार को कहा कि झारखंड के राज्य अध्यक्ष रूपेंद्र प्रसाद सिंह वहां पर ऊर्जा मंत्री हैं और उत्तर प्रदेश के इंटक अध्यक्ष केंद्रीय श्रम शिक्षा बोर्ड के भी चेयरमैन हैं। इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. जी संजीवा रेड्डी भी बाई वर्च्यू ऑफ पोस्ट कई केंद्रीय संगठनों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हाल ही में डा. संजीवा रेड्डी से उनकी बातचीत हो चुकी है। बावा ने कहा कि इंटक कांग्रेस का सिस्टर संगठन है। यह कांग्रेस की नीतियों पर चलता है। जिस कामगार बोर्ड के वह अध्यक्ष है, उसमें इंटक के अलावा सीटू, बीएमएस, एटक आदि श्रमिक संगठनों का प्रतिनिधित्व भी है। पूर्व सरकार के कार्यकाल में इसके अध्यक्ष अशोक पुरोहित थे, वे भारतीय मजदूर संघ से थे। बावा ने कहा कि इंटक में वह चुने हुए अध्यक्ष हैं। उनका कार्यकाल वर्ष 2015 तक का है।

Related posts