तो क्या और महंगा मिलेगा आलू

चैलचौक (मंडी)। पहाड़ी आलू की डिमांड अब बाहरी राज्यों में बढ़ने लगी है। इससे किसानों को आलू के अच्छे दाम मिल रहे हैं। एक सप्ताह पहले आलू 15 से 20 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा था अब अचानक कीमत बढ़ गई है। क्षेत्र के ज्युणी और सराज घाटी का आलू किसानों के खेतों से ही 22 से 30 रुपये प्रति किलो के हिसाब से उठ रहा है। यहां से आलू की सप्लाई प्रदेश की सब्जियों मंडियों के अलावा बाहरी राज्यों में ग्रेड के हिसाब से 28 से 42 रुपये किलो तक जा रही है। चैलचौक सब्जी मंडी के व्यापारी और बाहरी राज्यों से आए व्यापारी किसानों के खेतों तक पहुंचकर आलू की खरीद कर रहे हैं। ज्युणी और सराज घाटी के सैकड़ों परिवारों यहां कृषि से जुड़े हैं।
आलू की डिमांड हिमाचल सहित बाहरी प्रदेशाें में बढ़ गई है। इस कारण व्यापारी और आढ़ति स्वयं किसानों के पास पहुंच रहे हैं। चैलचौक सब्जी मंडी के व्यापारी पन्नालाल, महेंद्र सिंह, पंजाब के व्यापारी यशपाल, प्रेम और गुरदीप ने बताया कि प्रदेश से बाहर पहाड़ के आलू की कीमतें बढ़ी हैं। इस कारण किसानों और व्यापारियों को मुनाफा हो रहा है। किसान रणजीत सिंह, यादव, चमन लाल, पितांबर लाल, रोशन और मस्त राम ने बताया कि आलू के दाम बढ़ने से किसान खुश हैं। किसानों को उनकी मेहनत का फल मिलने लगा है। दूसरी तरफ खेतों से ही आलू की खरीद बीस प्रतिकिलो तक होने के कारण आम ग्राहकों तक इसके दाम और बढ़ने की आशंका है

Related posts