
सरकाघाट (मंडी)। ब्लॉक कांग्रेस सरकाघाट में घमासान मच गया है। ब्लॉक उपाध्यक्ष लूदर सिंह नेगी को अनुशासनहीनता के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी करने पर पूर्व प्रवक्ता ने मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता केके वर्मा ने इस कार्रवाई के लिए पूर्व मंत्री रंगीला राम राव को जिम्मेवार ठहराया है। आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष और अन्य कुछ सदस्याें को सामने लाकर अपनी मनमानी पूरी कर रहे हैं।
केके वर्मा ने कहा कि कुछ दिन पहले नगर पंचायत एवं ब्लॉक उपाध्यक्ष लूदर सिंह नेगी की अध्यक्षता में शहर की समस्याओं को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला था। उन्हाेंने भी समर्थन किया कि यह पार्टी हित से जुड़ा था। आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री रंगीला राम राव को प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई नहीं मिली जिस वजह से वे बदले की भावना से कार्य कर वफादार कार्यकर्ताआें और पदाधिकारियों को प्रताड़ित कर रहे हैं।
पूर्व प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि गत माह भी पूर्व मंत्री की वजह से पार्टी के बीच विवाद बढ़ गया था। जिला स्तरीय स्कूली छात्रा क्रीड़ा में कार्यकर्ताआें और लोगाें ने प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद प्रतिभा सिंह से करवाने का पूर्व मंत्री से आग्रह किया था। लेकिन पूर्व मंत्री स्वयं मुख्यातिथि बन गए। यह विवाद की वजह बना था। पूर्व प्रवक्ता ने हाईकमान से इस ओर ध्यान देने का आग्रह किया है। ब्लॉक कांग्रेस सरकाघाट में विवाद काफी पहले से है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान इस पर कुछ अंकुश लगा था। लेकिन ब्लॉक उपाध्यक्ष को नोटिस जारी होने के बाद पार्टी के बीच की कड़वाहट खुलकर सामने आ रही है।
