16290 वेतनमान की जंग लड़ेगी पीटीएफ

मंडी। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ अब वेतन विसंगति से जूझ रहे जेबीटी अध्यापकों को 16290 रुपये का वेतनमान दिलाने की जंग लड़ेगा। संघर्ष मंच एवं पीटीएफ की सामूहिक बैठक में शिक्षक संघ ने मंच को समर्थन दिया है। बैठक में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष लाल चंद मेहता, प्रदेश सचिव संजय अत्री और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा जिला मंडी पीटीएफ प्रधान इंद्र भारद्वाज और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में 16290 वेतनमान संघर्ष मंच की तरफ से राज्य अध्यक्ष अरुण धीमान, राज्य सचिव राजेश शर्मा, प्रमुख सलाहकार श्याम लाल, मीडिया सलाहकार विनोद कौंडल और अन्य पदाधिकारियों ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई।
बैठक में जेबीटी अध्यापकों को न्यूनतम वेतनमान 16290 रुपये दिए जाने पर चरचा की गई। एक तरफ जेबीटी अध्यापकों को 4200 ग्रेड पे पर 16290 रुपये न्यूनतम वेतन दिए जाने और दूसरी ओर कुछ जेबीटी अध्यापकों को इस वेतनमान से वंचित रखने पर रोष प्रकट किया गया। मंच के राज्य अध्यक्ष अरुण धीमान ने बताया कि उनकी मांग तर्कपूर्ण एवं न्यायसंगत है। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष लाल चंद मेहता ने भी इस मांग को जायज करार दिया। कहा कि इस मांग को तथ्यों और तर्कों के साथ सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। कहा कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती है तब तक पीटीएफ चुप नहीं बैठेगी। राज्य सरकार के साथ बैठक के समय 16290 वेतनमान संघर्ष मंच के पदाधिकारियों को भी साथ बुलाया जाएगा। मंच के मीडिया सलाहकार विनोद कौंडल ने बताया कि 16290 संघर्ष मंच ने राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ को 16290 वेतनमान के संबंध में ज्ञापन और हिमाचल तथा पंजाब सरकार के आदेश पत्रों की प्रतियां और 2000 अध्यापकों का हस्ताक्षरित पत्र सौंपा गया।

Related posts