
भराड़ी (बिलासपुर)। हमीरपुर-शिमला नेशनल हाइवे पर घुमारवीं से महज चार किलोमीटर दूर देलग में बना पार्क अव्यवस्था की वाट जोह रहा है। उचित रखरखाव के अभाव में पार्क जंगल में तबदील हो गया है। पार्क में झाड़ियां उगी हुई है। जिसे काटने की जहमत नहीं उठाई जा रही। पानी की समस्या के समाधान के लिए लगे हैंडपंप में मटमैला पानी आ रहा है।
आईपीएच ने पार्क निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए हैं। लेकिन, उचित रखरखाव नहीं होेने के कारण सब बेकर हो गया। आईपीएच की लापरवाही से लाखों की संपत्ति जंगल में तबदील हो रही है। स्थानीय निवासी राकेश, राय सिंह, जितेंद्र, राम पाल, अशोक , सुधीर, ललित, अश्वनी, अनिल के मुताबिक पार्क में लगे हुए हैंडपंप में पानी नहीं आ रहा। कभी यदि पानी भी आ जाए तो मटमैला। पार्क में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग गई है। चारों ओर गंदगी का साम्राज्य है। बावजूद इसके इस पार्क की दशा सुधारने के लिए कदम नहीं उठाए जा रहे। देलग में काफी चहल पहल रहती है। यदि पार्क का सौंदर्यीकरण हो तो यहां लोगों को सुकून के पल बिताने के लिए बेहतर ठोर मिल जाएगा। लोगों ने मांग की है कि इस पार्क की दशा को सुधारा जाए। इस पार्क के भीतर बैठने के लिए बनाए गए बैंच भी गायब हैं। उधर, इस संदर्भ मेें आईपीएच के अधिशासी अभियंता ओपी शर्मा ने कहा कि पार्क के रखरखाव के लिए प्रस्ताव बनाया जा रहा है। वहां उगी झाड़ियों को काटने के निर्देश दिए जाएंगे। ताकि वहां पर लोगों को बैठने की बेहतर सुविधा मिल सके।
