बीड में 24 से शुरू होगा प्री वर्ल्ड कप

बैजनाथ (कांगड़ा)। कांगड़ा की बिलिंग घाटी में 24 अक्तूबर से पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप में भाग्य आजमाने वाले देशी विदेशी पायलट बिलिंग से उड़ान भर कर अभ्यास में जुुट गए हैं। रविवार को 20 महिला पायलटों सहित 130 पायलटों ने उड़ान भरी। पीडब्ल्यूसीए के दिशा-निर्देशों के तहत पांच वर्ष के बाद होने वाले प्री वर्ल्ड कप के आयोजन में प्रदेश का नंबर एक समाचार पत्र अमर उजाला मीडिया प्रायोजक की भूमिका निभा रहा है। प्रतियोगिता के लिए अब तक 175 पायलटों ने आवेदन किया है और ट्रायल के बाद 110 पायलटों का प्रतियोगिता के लिए चयन होगा। पैराग्लाइडिंग के 30 सालों के इतिहास में अब तक मात्र तीन प्री वर्ल्ड कप का आयोजन संभव हो सका है और एक भी वर्ल्ड कप संभव नहीं हो सका है। सरकारों की उदासीनता के चलते खेल अपने मुकाम को हासिल करने में असफल रहा है। अब बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन ने पर्यटन विभाग के सहयोग से प्री वर्ल्ड कप के आयोजन का जिम्मा संभाला है। आशा व्यक्त की जा रही है कि इस वर्ष प्रतियोगिता के सफल रहने पर आगामी वर्ष वर्ल्ड कप की दावेदारी पेश की जा सके गी। एसोसिएशन के निदेशक अनुराग शर्मा का कहना है कि आगामी वर्ष एसोसिएशन वर्ल्ड कप के आयोजन के लिए प्रयासरत है। उनका कहना है कि इस मर्तबा दुनिया के पहले 100 पायलटों में शामिल एक दर्जन से अधिक महिला और पुरुष पायलट प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।

Related posts