
बैजनाथ (कांगड़ा)। भारत विकास परिषद शाखा की ओर से राज्यस्तरीय समूहगान प्रतियोगिता का शुभारंभ चामुंडा हाल में कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजन सुशांत ने द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया। डॉ. सुशांत ने कहा कि वह राजनीतिक पृष्ठभूमि से नहीं हैं, लेकिन बचपन के संस्कारों के कारण इस क्षेत्र में पिछले 38 साल से सक्रिय हैं। सच बोलने पर शाबाशी नहीं मिलती बल्कि उस व्यक्ति को अनुशासनहीन करार दिया जाता है। देश की सीमाओं पर खतरा है और देश के 545 जिलों में से 450 जिलों में आतंकवाद है। आज के नेताओं से उज्ज्वल भविष्य की कामना नहीं की जा सकती और देश के 500 बड़े घरानोें और नेताओं ने देश की 75 प्रतिशत धन संपदा पर कब्जा जमाया हुआ है। प्रतियोगिता में प्रथम रहने वाले गुरु नानक पब्लिक स्कूल डल्हौजी, दूसरे स्थान पर पालमपुर के मन सिंबल की विवेका फाउंडेशन, तीसरे स्थान पर भारती विद्यापीठ और प्रोत्साहन प्राप्त करने वाले नगरोटा के एमइटी पब्लिक स्कूल और धर्मशाला के सिद्धपुर सेंट मेरी स्कूल के बच्चों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। परिषद के हरीश चावला ने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन 1967 से किया जा रहा है और प्रदेश में प्रथम स्थान पर आने वाली टीम पंजाब के लुधियाना में 15 नवंबर को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। परिषद की हर शाखा की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा। कुलदीप गुलेरिया, पुष्पलता और कुलविंद्र सिंह ने निर्णायक और लोक गायक धीरज शर्मा ने मंच संचालक की भूमिका निभाई। इस मौके पर एसडीएम ओपी ठाकुर, बीडीओ राजीव सूद, हरीश चावला, कमल सूद, कुलदीप गुलेरिया, शक्ति चंद राणा, प्रीत्तम भारती, डॉ. विरेंद्र कौल, डीआर ठाकुर, तिलक राज, संजय सोनी, प्रकाश डोगरा, चुनी लाल, सुरिंद्र धीमान आदि भी उपस्थित रहे।
