
शिमला। बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक मोहित चौहान ने कहा कि हिमाचल मेरी धड़कन में बसा है। यहां के लोक संगीत और मस्त कर देने वाली उसकी लय ताल को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलवाना और लोक गीतों में फ्यूजन कर इसे बुलंदियों तक पहुंचाने का प्रयास रहेगा। गानों का मतलब आसानी से भले ही समझ न आए, लेकिन यहां के गीत-संगीत को हर कोई बखूबी समझेगा। चौहान ने कहा कि वह प्रदेश के युवाओं के बैंड को आगे बढ़ने के लिए मदद करते रहेंगे। प्रतिभावान युवाओं को आगे बढ़ने में सहयोग देंगे। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में उन्होंने कहा कि मेरी हर एलबम में कोशिश रहती है कि उसमें कम से कम एक गाना ऐसा हो, जिसमें हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति झलकती हो। माए नी मेरिए, शिमला दी राहें चंबा कितनी की दूर.. को बॉलीवुड के संगीतकारों ने इतना पसंद किया कि इसकी रिंग टोन सुनने को मिलती हैं। सिरमौरी नाटी में जो जादू है, उसकी मस्ती हर किसी को झूमने पर मजबूर करती है। पहाड़ी नाटी और हिमाचल के हर जिले के लोक संगीत को पंजाबी की तरह अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलवाने का प्रयास करते रहेंगे। वर्ल्ड वॉयस प्रोजेक्ट से उन्हें एक ऐसा मंच मिला है, जिसके माध्यम से वह देश-विदेश तक हिमाचल के मधुर संगीत का प्रचार प्रसार कर सकते है। मोहित ने कहा कि क्रिश थ्री, फॉर युअर लव, मिक्की वॉयरस, शुद्ध देसी रोमांस जैसी फिल्मों में उनके नए गीत हैं। कुछ गीतों में हिमाचली लोक संस्कृति साफ महसूस होगी।
