कोर्स के साथ मिलेगी जॉब ट्रेनिंग

शिमला। प्रदेश के स्कूलों में वोकेशनल कोर्स कर रहे छात्र-छात्राओं को प्रदेश के विभागों में जॉब ट्रेनिंग का मौका भी मिलेगा। स्कूलों में परीक्षाएं खत्म होने के बाद इन्हें विभागों में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। तीस से साठ दिन तक प्रशिक्षण देने का कार्यक्रम है। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग ने पुलिस, स्वास्थ्य, तकनीकी शिक्षा, खाद्य आपूर्ति विभाग, आईटी विभाग, एचआरटीसी, खाद्य आपूर्ति निगम, स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला और अग्निशमन विभाग को पत्र भेज दिए हैं। इन विभागों में छात्रों को वालंटियर के तौर पर प्रशिक्षण दिया जाना प्रस्तावित है। स्कूलों में कोर्स कर रहे छात्र-छात्राओं को वोकेशनल ट्रेनिंग की प्रायोगिक परीक्षा के लिए विभाग के कार्यालयों में 25 से 30 के बैच में भेजना होगा। प्रदेश के सौ स्कूलों में लगभग नौ हजार छात्रों ने इन कोर्सों में प्रवेश लिया है। इन कोर्सों को कैसे ज्यादा प्रभावी बनाया जा सकता है, इसको लेकर विभाग ने अब जॉब ट्रेनिंग करवाने का फैसला लिया है।
इसके तहत सिक्योरिटी विषय के छात्रों को पुलिस विभाग, हेल्थ केयर के छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य विभाग, रिटेल के छात्र-छात्राआ को खाद्य आपूर्ति निगम, आईटी के छात्र-छात्राओं को आईटी विभाग और ऑटो मोबाइल के छात्रों को एचआरटीसी में प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी ने इसको लेकर अन्य सभी विभागों को पत्र भेज दिए हैं। उन्होंने कहा कि वोकेशनल कोर्सों का पहला बैच मार्च 2015 मे निकलेगा। इसके लिए विभाग समय पर इनकी जॉब ट्रेनिंग के लिए अपने नियम समय पर तैयार कर ले।

Related posts