
नूरपुर (कांगड़ा)। विकास और सड़क विस्तार में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में शुमार पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में सैकड़ों गांव अभी तक सड़क सुविधा से कोसों दूर हैं। लोनिवि के नवम वृत्त नूरपुर में ही 416 गांव सड़क सुविधा से अछूते हैं। इनमें से 16 गांवों को चालू वित्त वर्ष में सड़क सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। मात्र 6 गांवों को ही अभी तक सड़क सुविधा से जोड़ा जा सका है और 10 गांवों में सड़क निर्माण का काम चल रहा है। शेष बचे गांवों में सड़क निर्माण का कार्य निजी भूमि और वन विभाग की एनओसी न मिलने या फिर किसी अन्य कारण से शुरू ही नहीं हो सका है। आंकड़ों के मुताबिक लोनिवि के नूरपुर वृत्त के तहत पड़ने वाले चार मंडलों में 250 से कम आबादी वाले कुल 903 गांवों में से 376 गांव अभी तक सड़क सुविधा से वंचित है। इनमें नूरपुर मंडल के 61, जवाली मंडल के 38, फतेहपुर मंडल के 131 और सबसे अधिक देहरा मंडल में 146 गांवों की आबादी सड़क सुविधा के अभाव में ऊबड़-खाबड़ पगडंडियों पर चलने को मजबूर है। इसी तरह 250 से ज्यादा आबादी कुल 415 गांवों में से 368 गांव सड़क सुविधा से जुड़ चुके हैं। शेष बचे 47 में से 24 गांवों में सड़क निर्माण के रास्ते में वन विभाग के कड़े नियम और निजी भूमि रोड़ा साबित हो रही है। इनमें से 17 गांव निजी भूमि न मिलने तथा 7 गांवों में वन विभाग के अड़ंगे के चलते सड़क निर्माण अधर में लटका हुआ है। हालांकि, पांच सौ से ज्यादा आबादी वाले सभी 255 गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा चुका है। जबकि, अढ़ाई से पांच सौ की आबादी वाले 24 गांव ऐसे भी है, जहां जमीनी विवाद के चलते सड़क निर्माण अटका पड़ा है। वहीं, एसई एके अबरोल ने कहा कि इन गांवाें को जल्द ही सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा।
इनसेट….
मंडल कुल गांव सड़कों से जुड़े अछूते
नूरपुर 284 216 68
जवाली 209 159 50
फतेहपुर 430 292 138
देहरा 746 579 167
कुल 1669 1246 423
