फाइनेंस कंपनी को लाखों का चूना लगा गए ‘नटवर लाल’

नेरचौक (मंडी)। गुटकर स्थित एक ट्रांसपोर्ट फाइनेंस कंपनी को तीन शातिरों ने लाखों का चूना लगा दिया। तीनाें ने मिलीभगत कर एक ही वाहन फिर से रिफाइनेंस कर दिया। कंपनी के प्रबंधक ने तीनाें के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
आरोप है कि कंपनी से उक्त तीनों ने वाहन फाइनेंस करवाया था, लेकिन किस्त जमा नहीं करवाई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किस्त न भरने पर जब कंपनी वाहन को कब्जे में लेने गई तो वाहन को एक अन्य फाइनेंस कंपनी पहले ही कब्जे में कर चुकी थी। इस बारे जब पता किया तो कंपनी को मालूम हुआ कि इसी वाहन को आरोपी पहले भी हमीरपुर से एक फाइनेंस कंपनी से फाइनेंस कर चुके थे। यहां भी तीनाें ने किस्तें नहीं भरी तथा कंपनी ने वाहन को कब्जे में ले लिया।
इसके बाद तीनों ने इसी वाहन को दूसरी फाइनेंस कंपनी से रिफाइनेंस कर दिया। यहां भी किस्तें नहीं भरी। कंपनी वाहन को कब्जे में लेने गई तो खाली हाथ लौटना पड़ा। पुलिस के मुताबिक तीनों ने कंपनी को कुल 18 लाख 56 हजार 846 रुपये चूना लगाया है। शिकायत गुटकर स्थित फाइनेंस लिमिटेड कंपनी के प्रबंधक महेंद्र कुमार की ओर से दर्ज करवाई गई है।
गत 16 अक्तूबर 2012 को रमेश आर्य, संजीव कुमार तथा दीपक कुमार ने जेसीबी महिंद्रा अर्थ मास्टर को फाइनेंस करवाया था। लेकिन तीनों ने दूसरी बार इसी वाहन को मात्र पैसा ऐंठने के लिए फाइनेंस करवाया। तीनाें जनवरी 2012 में इसी वाहन को महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंस कंपनी हमीरपुर से भी फाइनेंस कर चुके थे। इधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ बल्ह मदन धीमान ने बताया कि कंपनी प्रबंधक की शिकायत पर तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्जकर लिया गया है।

Related posts