विद्युत सब स्टेशन मारंडा में आग

पालमपुर/मारंडा (कांगड़ा)। विद्युत सब स्टेशन मारंडा में मंगलवार देर रात करीब दो बजे आग लग गई। जिससे सारा इलाका अंधेरे में डूब गया। करीब 16 घंटे तक कई गांव अंधेरे में डूबे रहे। आग देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि अग्निशमन विभाग को सूचित करना पड़ा। अग्निशमन विभाग के कर्मियों को भी आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, विद्युत बोर्ड को इस हादसे में अढ़ाई लाख रुपये का नुकसान हो गया। विद्युत सब स्टेशन मारंडा में आग की घटना के वक्त बिजली बोर्ड के दो कर्मचारी बलदेव व हरमल चंद मौके पर मौजूद थे। जिन्होंने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। जिसके चलते अग्नि शमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। आग से इलाके के परौर, मारंडा, मैंझा, घड़ोरल, खलेठ समेत कई गांव 16 घंटे अंधेरे में डूबे रहे। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। वहीं, देर रात आग की घटना का पता लगते ही बिजली बोर्ड के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उधर, बोर्ड के अधिशाषी अभियंता बीआर राणा ने कहा कि किसी तकनीकी खराबी की वजह से सब-स्टेशन मारंडा में आग लगी थी। जिसे बुधवार शाम तक ठीक कर चालू कर दिया है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी लखवीर सिंह गुलेरिया ने कहा कि विभाग को मारंडा विद्युत सब स्टेशन में आग लगने की सूचना मिली। जिस पर विभाग की गाड़ी ने मौके पर जा कर आग पर काबू पा लिया।

अढ़ाई लाख का नुकसान : अग्निशमन
बिजली बोर्ड मारंडा के एसडीओ ओमप्रकाश ने कहा कि आग लगने से करीब अढ़ाई लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Related posts