
सोलन में बढ़ रहे महिलाओं पर अत्याचार
सोलन। जाने अनजाने कहीं दरिंदगी का शिकार न हो जाए आपकी लाड़ली। शिक्षा हब के रूप में विकसित होने के साथ-साथ मेट्रोपोलिटन कल्चर का समावेश जिला सोलन में यौन शोषण के मामलों को बढ़ावा देने लगा है। लिहाजा पुलिस के आंकड़े महिलाओं की सुरक्षा पर प्रश्नचिंह लगा रहे हैं। सोलन और बद्दी पुलिस जिला होने के बावजूद महिला सुरक्षा मजबूत नहीं है। पिछले चार सालों में सोलन में 2013 में सर्वाधिक रेप के मामले दर्ज किए गए हैं। नवंबर माह तक 14 युवतियों की अस्मत से खिलवाड़ हुआ है। जिसमें अधिकांश नाबालिग स्कूल या कालेज पढ़ने वाली छात्राएं हैं। हालांकि बीबीएन में इस साल 4 मामले दर्ज हुए हैं। वहीं महिलाओं पर अत्याचार, छेड़छाड़ और किडनैपिंग के मामलों का ग्राफ भी बढ़ा है। लिहाजा जरूरत है सावधानी और जागरूकता की। इस संबंध में वूमेन सेल प्रभारी डीएसपी श्वेता ठाकुर का कहना है कि महिलाओं में जागरूकता और सावधान रहने की जरूरत है। इसके लिए विशेष अभियान बेहद मददगार साबित हो सकता है।
अधिकांश मामले में कार्रवाई: एएसपी
एएसपी सोलन पद्म चौहान ने कहा कि अधिकांश मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होती है। पुलिस गश्त और सतर्कता को बढ़ाया जाएगा।
कालेज प्राचार्य प्रो. रीना तनवर
– जागरूकता से ही महिला सुरक्षा मजबूत होगी
– छेड़खानी, अत्याचार की शिकायत तुरंत अभिभावकों से करें
– अभिभावक इन घटनाओं के प्रति आवाज उठाएं, चुप न रहें
– पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाकर गश्त बढ़ानी चाहिए
– आत्मरक्षा के गुर लड़कियों को सिखाएं
– अभिभावक अच्छे व बुरे की पहचान करना समझाएं
– घर लौटने का समय तय करें, देर शाम बाहर की आदत बुरी
मनोचिकित्सक डॉ. योगेश शर्मा
– मां बेटियों के साथ उम्र के साथ बदलते भावों को सांझा करें
– अच्छे बुरे की पहचान करवाना बेहद जरूरी
– मनोरंजन के स्वास्थ्य साधन बच्चों को प्रदान करें
– किशारोवस्था में इंटरनेट, टीवी अकेले न देखने दें
– मोबाइल पर कड़ी निगरानी, पॉकेटमनी कम देें
केस 01
20 मार्च को एक बाप ने अपनी दो मासूम बेटियों से दुराचार किया। मामला सदर थाना में दर्ज हुआ। अस्पताल में दाखिल बच्ची ने अपनी बड़ी बहन के सामने शर्मनाक वारदात के बारे में अपनी सबसे बड़ी बहन को बताया। पुलिस में शिकायत की गई। मामले का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।
केस 02
11 सितंबर को कालेज में पढ़ने वाली युवती को अगवा करके एक निजी होटल लेकर उसके साथ दुराचार किया गया और अलसुबह लड़की को माल रोड पर छोड़ दिया गया। मामले का मुख्य आरोपी पांच दिन बाद पकड़ा गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर शातिर को धरा।
केस 03
18 सितंबर गर्ल्स स्कूल सोलन में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला 18 सितंबर को सदर थाना सोलन में दर्ज हुआ था। शातिर युवती किन्नौर के कल्पा की रहने वाली थी तथा सोलन में अपने चाचा के घर रह रही थी।
केस 04
28 सितंबर एक प्रतिष्ठित स्कूल में नौवीं की छात्रा अपने कमरे से गायब मिली। परिजनों के समक्ष छात्रा सुबह खुद आ गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मेडिकल करवाया, जिसमें रेप की पुष्टि हुई। इस मामले में पुलिस ने मालवाहक वाहन चलाने वाले दो चालकों को गिरफ्तार किया।
