
मंडी। हिमाचल परिवहन पेंशनर कल्याण संघ की बैठक मंगलवार को अध्यक्ष संतोख सिंह वैद्य की अध्यक्षता में हुई। इसमें पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर विचार-विमर्श किया गया।
संघ के सचिव सुरेश चंद्र वर्मा ने बताया कि बैठक में पेंशनरों ने रोष जताया कि एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से वर्ष 2012 में सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के बकाये का न तो भुगतान किया गया है और न ही सेवानिवृत्ति के अन्य लाभ दिए जा रहे हैं। उन्हें मात्र पेंशन लागू की जा रही है। संगठन बार-बार इन समस्याओं को निगम प्रबंधन और हिमाचल सरकार के ध्यान में ला रहा है, इसके बावजूद कोई उचित कार्रवाई नहीं हो रही है। परिवहन मंत्री की ओर से 12 सितंबर 2013 को घोषणा में पेंशनरों के लिए 10 करोड़ की राशि जारी करने की बात कही थी, लेकिन आज तक कोई राशि जारी नहीं की गई। वहीं, 26 सितंबर 2013 को फिर से पेंशनरों के लिए 40 करोड़ रुपये के भुगतान की घोषणा की गई, आज तक कोई राशि जारी नहीं हुई। केवल घोषणाओं से पेंशनरों को बहलाया जा रहा है। संगठन ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से आग्रह किया है कि पेंशनरों की मांगों का अतिशीघ्र समाधान किया जाए तथा सरकारी कोष से एचआरटीसी पेंशनरों को राहत दी जाए। एचआरटीसी प्रबंधन घाटे का रोना रोकर पेंशनरों को उनके वित्तीय लाभ नहीं दे रहा है।
बैठक में मुख्य संरक्षक सुभाष चंद्रपाल, मुख्य सलाहकार श्यामा प्रसाद चटर्जी, प्रधान कृष्ण पाल शर्मा, सचिव सुरेश चंद्र वर्मा, वरिष्ठ उप प्रधान भूप सिंह जम्वाल, उपप्रधान बृजलाल धीमान, संयुक्त सचिव इंद्रजीत शर्मा, सहसचिव नागेंद्र कुमार और नेक राम, मुख्य संगठन सचिव शिवराम ठाकुर, संगठन सचिव सुरेश कुमार मल्होत्रा, लुदरमणि ठाकुर, प्रचार सचिव आरपी टंडन, साधु राम, भागीरथ, कोषाध्यक्ष केशव दत्त अवस्थी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
