
चंबा। एनएसयूआई की चंबा इकाई ने एक बार फिर कॉलेज स्थानांतरण को रोकने के लिए आवाज बुलंद कर दी है। एनएसयूआई ने दो टूक कहा कि निर्माणाधीन भवन में किसी भी कीमत पर कॉलेज शिफ्ट नहीं होने दिया जाएगा। इन दिनों नए कॉलेज भवन का निर्माण कार्य काफी जोरशोर से चला हुआ है। मिंजर मेले के दौरान चंबा दौरे पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कॉलेज भवन के निर्माण को जल्द पूर्ण करने के आदेश दिए थे और कॉलेज शिफ्ट करने के संकेत भी दिए थे। इसके बावजूद एनएसयूआई अपनी मांग पर अडिग है। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष सुरेश ठाकुर व परिसर अध्यक्ष चंदन नरूला ने कहा कि एनएसयूआई डिग्री कॉलेज चंबा का स्थानांतरण किसी भी शर्त पर नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि यह मांग उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समक्ष भी रखी है। एनएसयूआई ही नहीं कॉलेज का समस्त छात्र व शिक्षक वर्ग चाहता है कि मौजूदा स्थल पर ही कॉलेज रहने दिया जाए। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कहा कि कॉलेज के लिए बनाए जा रहे नए भवन में कोई अन्य शिक्षण संस्थान चलाया जाए। नए भवन में मेडिकल या इंजीनियरिंग कॉलेज खोला जा सकता है। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई को छात्र वर्ग के साथ किया गया वादा पूरी तरह याद है। कॉलेज स्थानांतरण रोकने के लिए जरूरत पड़ी तो वे एक बार फिर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि नए सत्र से डिग्री कॉलेज में एमए हिंदी व एमए राजनीति शास्त्र की भी कक्षाएं शुरू करवाई जाएंगी।
यह है कॉलेज मामला
वर्तमान में चंबा कॉलेज शहर के बीच में है। इस कॉलेज भवन का कैंपस और कमरे बहुत बड़े-बड़े हैं, जिससे छात्रों को कक्षा लगाने के लिए परेशानी नहीं होती। यहां पहुंचना सभी छात्रों केे लिए ठीक पड़ता है। साथ ही जहां नया कॉलेज भवन बन रहा है वह शहर से दूर है, जहां छात्र नहीं जाना चाहते हैं।
