
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बीच चला शह और मात का खेल और रोचक होने जा रहा है। हाल ही में धूमल के बेटों अनुराग ठाकुर और अरुण धूमल ने खुद सामने आकर सीधे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधा था। इन आरोपों का जवाब खुद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह देते, इसके बजाय कांग्रेस सरकार भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर को उन्हीं के घर में घेरना चाहती है।
कांग्रेस चाहती है कि अनुराग ठाकुर को हमीरपुर सीट तक सीमित किया जाए। इसी मकसद से इसी महीने वीरभद्र सिंह हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में तीन बड़ी जनसभाएं करने जा रहे हैं। तीनों जिलों में ये रैलियां होंगी और मुख्यमंत्री लोगों के बीच जाकर उनके ऊपर लगाए गए आरोपाें का जवाब भी देंगे। ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में होने वाली इन रैलियों का शेड्यूल मुख्यमंत्री कार्यालय ने फाइनल कर दिया है। कांग्रेस ने हालांकि इस सीट पर अभी प्रत्याशी तय नहीं किया है। माना जा रहा है कि आम लोगों के रुझान और कार्यकर्ताओं की फीडबैक के आधार पर मुख्यमंत्री भी खुद आकलन करना चाहते हैं। हमीरपुर में कांग्रेस इसी रणनीति के तहत निर्दलीय विधायक राजेंद्र राणा का इस्तेमाल करेगी। राणा कभी धूमल के भी बेहद करीबी थे।
—-
मिशन हमीरपुर की तीन बड़ी रैलियां
1. 23 अक्तूबर 2013/ऊना : 923 करोड़ के स्वां तटीकरण प्रोजेक्ट का शिलान्यास मुख्यमंत्री करेंगे। संतोषगढ़ विधानसभा के कांगड़ में जनसभा होगी।
2. 27 अक्तूबर 2013/हमीरपुर : सुजानपुर में निर्दलीय विधायक राजेंद्र राणा अपनी सर्व हितकारी संस्था के कार्यक्रम के बहाने बड़ी जनसभा करवाएंगे।
3. 31 अक्तूबर 2013/बिलासपुर : भाखड़ा बांध विस्थापितों के अवैध कब्जों को रेगुलर करने की स्कीम को लागू करने के बाद सदर में बड़ी रैली सीएम करेंगे।
—-
कांग्रेस में आएगा नालागढ़ का सैणी परिवार
शिमला। नालागढ़ में भाजपा को लगातार जीत दिलाते रहे दिवंगत नेता हरिनारायण सैणी का परिवार अब कांग्रेस का दामन थामने जा रहा है। इसके लिए 16 अक्तूबर को नालागढ़ में जनसभा रखी गई है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इसी दिन पहले बीबीएन में कौशल विकास केंद्र और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे। सैणी परिवार की ओर से हरिनारायण सैणी की याद में बनवाए गए एक पुल का शुभारंभ भी इस दिन होगा।
