एससीए अध्यक्ष-प्रवक्ता में तकरार

चंबा। डिग्री कॉलेज चंबा में एक बाहरी युवक के मोबाइल फोन इस्तेमाल किए जाने को लेकर लोक प्रशासन के प्रवक्ता डा. गौतम व एससीए अध्यक्ष परमेंद्र सिंह में तकरार हो गई है। डा. गौतम ने एससीए अध्यक्ष के साथ खड़े इस युवक को लेकर सख्ती बरतनी चाही तो एससीए अध्यक्ष ने उसका बचाव किया। इससे खफा प्रवक्ता ने इसके बाद फार्म अटेस्ट करवाने आए एससीए अध्यक्ष को फार्म अटेस्ट करने से इनकार कर दिया। इस पर दोनों में बहस हो गई। एससीए अध्यक्ष परमेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को जब वे एक विद्यार्थी का प्रमाणपत्र सत्यापित करवाने के लिए लोक प्रशासन के प्रवक्ता के पास गए तो उन्होंने मना कर दिया। उन्होंने दोबारा प्रमाणपत्र सत्यापित करने की अपील की तो प्रवक्ता ने उन्हें अपशब्द कहे और धक्के मार कर बाहर निकाल दिया। एनएसयूआई इकाई चंबा के परिसर अध्यक्ष चंदन नरूला ने कहा कि एससीए अध्यक्ष के साथ हुई घटना को सहन नहीं किया जाएगा। एससीए अध्यक्ष परमेंद्र व एनएसयूआई के परिसर अध्यक्ष ने कहा कि आरोपी प्रवक्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई न की गई तो वे आंदोलन करेंगे। एनएसयूआई ने प्राचार्य से मांग की है कि कालेज में प्रमाण पत्रों को सत्यापित करने के लिए एक कमेटी गठित की जाए।
इंसेट ……..
प्रवक्ता ने मोबाइल का प्रयोग करने से रोका था: प्राचार्या
कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्य मंजुला शर्मा ने बताया कि कॉलेज प्रवक्ता ने एक छात्र को मोबाइल फोन का प्रयोग करने से रोका था। कोर्ट के सख्त आदेश हैं कि कालेज परिसर में मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। विद्यार्थियों को कोई समस्या है तो वे उनके साथ मिलकर बात करें।
इंसेट ……..
आरोप बेबुनियाद व निराधार: डा. गौतम
लोक प्रशासन के प्रवक्ता डा. गौतम ने बताया कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद व निराधार हैं। एक युवक को मोबाइल फोन का प्रयोग करने से रोका था। उस वक्त समस्त स्टाफ वहां पर मौजूद था।

Related posts