
होली (चंबा)। ग्राम पंचायत न्याग्रां के ग्रामीणों व कंपनी में काम कर रहे कामगारों ने जीएमआर कंपनी का काम बंद करवा दिया है। स्थानीय लोगों ने कंपनी प्रबंधन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया है। स्थानीय निवासी हुकम चंद, राम सिंह, संजय कुमार, चंचला, राजीव, कृष्ण, अशोक, राजेश, कांता, धोगरू, ओंकार, प्रेम चंद, मुन्ना और विक्रांत ने बताया कि जब जीएमआर कंपनी का काम शुरू हुआ था तो कंपनी प्रबंधन ने स्थानीय युवाओं को कंपनी में भर्ती करने का वादा किया था, लेकिन जब उन्हें वेतन जारी किया गया तो पता चला कि युवाओं को ठेकेदार के अंडर रखा गया है। इसके चलते ग्रामीण भड़क उठे हैं और उन्होंने कंपनी का काम रोक कर हड़ताल पर चले गए हैं। डैम साइड को जाने वाली सड़क को पूरी तरह से बंद कर दिया है। इस सड़क को तीन दिन से बंद कर रखा है। ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी है कि जब तक कंपनी ग्रामीणों से किए वादे पूरे नहीं करती वे काम बंद रखेंगे। उधर, सोमवार को कमगारों के अलावा न्याग्रां के ग्रामीणों ने डैम साइट पर पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया। इन सभी ने कंपनी पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों को कंपनी में पक्की नौकरी देने की मांग की है। ग्रामीण डैम साइट की ओर जाने वाले रास्ते पर धरने पर बैठे हैं। कंपनी प्रबंधन ने प्रशासन के साथ मिलकर ग्रामीणों को मनाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसे देखते हुए एसडीएम जितेंद्र कंवर, नायब तहसीलदार ज्ञान चंद, एएसआई प्रीतम चंद शर्मा सहित कंपनी के अधिकारी पुलिस टीम के साथ देर शाम तक ग्रामीणों के साथ बातचीत करते रहे।
